नगर निगम में पॉलीथिन चोरी के मामले में विभाग के अफसरों पर कार्रवाई की तैयारी हो रही है। मुख्य नगर अधिकारी के अनुसार चोरी के मामले में कर अधीक्षक समेत दो कर्मियों को चार्ज शीट दिया जाएगा। इससे पूर्व तीन चौकीदारों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो चुका है।
विभाग ने दुकानों पर छापा मार कर करीब 60 किलो पॉलीथिन जब्त की थी। पिछले दिनों चोरों ने कमरा संख्या-5 का ताला तोड़कर पॉलीथिन चोरी कर ली। चोरी के बाद विभाग की भूमिका, कानूनी पहलू आदि को लेकर सवाल उठ गए थे। मामले में निगम कार्यालय की सुरक्षा करने वाले तीन लोगों पर मुकदमा किया गया। अब कर विभाग पर कार्रवाई की तैयारी है।
मुख्य नगर अधिकारी आरडी पालिवाल का कहना है कि कर अधीक्षक बृजेंद्र चौहान और टैक्स संग्रह अधिकारी अमित जोशी को आरोप पत्र दिया जाएगा। इसके अलावा मामले की उप नगर अधिकारी नीरज जोशी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम चोरी की विभागीय जांच भी करेगी। टीम में वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. तुहिन कुमार व सहायक अभियंता अजय पांडे हैं। वहीं, नगर निगम में दिन भर घटना और कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।