नैनीताल। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में गणित और विज्ञान के प्रश्नपत्रों में पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्न पूछे जाने का मुद्दा गरमा गया है। उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने इस पर कड़ा एतराज जताते हुए प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मुहिम शुरू कर दी है। शिक्षक संघ के नैनीताल जिलाध्यक्ष शैलेंद्र चौधरी ने कहा कि परीक्षा के दौरान कई केंद्रों से छात्रों और शिक्षकों ने यह फीडबैक दिया कि गणित और विज्ञान के पेपर में कुछ प्रश्न ऐसे थे जो बोर्ड की ओर से निर्धारित वर्तमान पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने कहा कि बोर्ड की इस तकनीकी चूक का खामियाजा मेधावी छात्रों को भुगतना पड़ रहा है जिससे उनके कुल प्रतिशत पर बुरा असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे विवादित प्रश्नों पर सभी परीक्षार्थियों को बोनस अंक प्रदान करने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शीघ्र ही उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव से रामनगर में वार्ता करेंगे।