हल्द्वानी के जल संस्थान कार्यालय में बने ओवरहेड टैंक से गिरता पानी। संवाद
हल्द्वानी। जल संस्थान के परिसर में बना ओवरहैड टैंक टपकने लगा है। विभाग के परिसर में स्थित यह 600 किलोलीटर का ओवरहेड टैंक 2015 में एडीबी की ओर से बनाया गया था। निर्माण के तुरंत बाद ही घटिया निर्माण की पुष्टि होने के बाद 2017 में इसकी मरम्मत की गई। पांच साल बाद जल संस्थान के परिसर का यह ओवरहेड टैंक फिर टपकने लगा है। परिसर के इस ओवरहेड टैंक से प्रभावित क्षेत्रों में हर दिन 40 टैंकर पेयजल पहुंचाया जाता है जबकि गोरखपुर मल्ला और बाजार क्षेत्र की मेन लाइन में भी इसी टैंक से पानी की सप्लाई होती है।
शहर में 16 ओवरहेड टैंक और एक भूमिगत टैंक के निर्माण के लिए करीब 20 करोड़ में आगरा के ओपी गुप्ता कांट्रेक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड से अनुबंध किया था। ठेकेदार ने नवंबर 2015 में टैंक बना दिए। इस दौरान जल संस्थान ने 2016 से 2017 तक सभी टैंकों का हस्तांतरण कर लिया। जब जांच में घटिया निर्माण की पुष्टि हुई तो ठेकेदार पर कार्रवाई के बजाय मरम्मत का अनुबंध बढ़ा दिया गया। इसके बाद परिसर स्थित टैंक की मरम्मत की गई लेकिन पांच साल बाद दोबारा जल संस्थान का टैंक टपकने लगा है। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कारणों की जांच होने के बाद ही मरम्मत कराई जाएगी।
टैंक से पानी टपकने की सूचना नहीं मिली है। यदि टैंक टपक रहा है तो इसके कारणों की जांच की जाएगी। इससे बाद ही मरम्मत की जाएगी।
- रवि शंकर लोशाली, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान