225 से अधिक लोगों ने की मुफ्त पैराग्लाइडिंग
- फोटो : amar ujala
नैनीताल विंटर कार्निवाल के तहत बुधवार को भीमताल के पांडेगांव की पहाड़ी में जहां सैकड़ों लोगों ने निशुल्क पैराग्लाइडिंग का लुत्फ लिया। वहीं, दूसरी ओर सातताल में पहली बार मत्स्य आखेट कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मत्स्य आखेट में 26 प्रतिभागियों में विदेशी सैलानी भी शामिल रहे।
डीएम गुब्बारे उड़ाकर कार्निवाल पैराग्लाइडिंग का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पैराग्लाइडिंग से क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान मिली है। जिले में पैराग्लाइडिंग की अपार संभावनाओं को देखते हुए मुक्तेश्वर, भवाली और मंगोली में भी पैराग्लाइडिंग कराने के लिए स्थान तलाशे जाएंगे, ताकि ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
कहा कि इस प्रकार के साहसिक पर्यटन के कार्यक्रम वर्षभर चलाए जाएंगे और हर साल कार्निवाल में पैराग्लाइडिंग को शामिल किया जाएगा। डीएम ने बताया कि कार्निवाल के तहत बृहस्पतिवार को सुबह 7:30 बजे से ओपन ट्रैकिंग टू नैनापीक का शुभारंभ फ्लैट्स मैदान नैनीताल से होगा। शाम को टिफिन टॉप में एस्ट्रो फोटोग्राफी का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश नेगी, ब्लॉक प्रमुख गीता बिष्ट, ज्येष्ठ प्रमुख अनिल चनौतिया, कनिष्ठ प्रमुख सोनू बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य डॉ. हरीश बिष्ट, कुमाऊं पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के नितेश बिष्ट समेत सीडीओ प्रकाश चंद्र, एडीएम जसवंत सिंह राठौर, बीएल फिरमाल, उप आयुक्त मनोरंजन वीके रस्तोगी आदि थे। संचालन रामपाल सिंह गंगोला और नितेश बिष्ट ने किया।