नैनीताल। सरोवर नगरी की मॉलरोड पर बाहरी टैक्सी चालकों की मनमानी यातायात व्यवस्था पर भारी पड़ रही है। निर्धारित टैक्सी स्टैंड होने के बावजूद चालक मालरोड के कई स्थानों पर सड़क किनारे वाहन खड़े कर सवारियां भर रहे हैं। पुलिस की लगातार चालानी कार्रवाई भी इस पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है।
लाइब्रेरी के समीप, इंडिया होटल और तल्लीताल रिक्शा स्टैंड के पास टैक्सी वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। यहां चालक बेखौफ होकर सड़क किनारे वाहन खड़े कर पर्यटकों को बैठाते हैं। पुलिस का वाहन देखते ही टैक्सियां आगे-पीछे कर लेते हैं और पुलिस के गुजरते ही फिर उसी स्थान पर सवारियां भरने लगते हैं। टीएसआई हरीश फर्त्याल ने बताया कि मॉलरोड पर रोजाना अभियान चलाकर सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी किए जा रहे हैं। अभियान को और प्रभावी बनाकर अनधिकृत पार्किंग और सवारी भरने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।