हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज के एमआईएस एवं ऑनलाइन प्रवेश प्रभारी डॉ. एसएन सिद्ध के साथ कुछ छात्रों द्वारा अभद्रता करने और उनके आवास पर पथराव करने की घटना को लेकर प्राध्यापकों में रोष है। इस मामले को लेकर एमबीपीजी कॉलेज शिक्षक संघ की मंगलवार दोपहर को एक बजे बैठक बुलाई गई है।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार सोमवार को तीनों नामजद छात्रों का रिकॉर्ड खंगाला गया तो पता लगा कि इनमें से सिर्फ एक ही कॉलेज का छात्र है, जिसका बीए पंचम सेमेस्टर में प्रवेश है। प्रभारी प्राचार्य डॉ. बीआर पंत ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की, इस बारे में मंगलवार को पुलिस प्रशासन से बात की जाएगी। उन्होंने बताया कि नामजद छात्रों में से एक छात्र की कॉलेज का छात्र होने की पुष्टि हुई है।
उन्होंने बताया कि जो नामजद छात्र है उसने घर का पता गलत दिया है इसलिए इस बारे में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कॉलेज में इस तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं होगी। एमआईएस प्रणाली में भी कुछ बदलाव करने पर विचार किया जा रहा है और प्रवेश के दौरान स्थायी पते के रूप में छात्रों से अभिलेख लेने का नियम बनाने पर विचार किया जा रहा है।