भीमताल (नैनीताल)। विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण का मानचित्र निस्तारण कैंप खास लोगों का कैंप बनकर रह गया। आरोप है कि स्थानीय लोगों को इस कैंप की जानकारी तक नहीं थी, इसीलिए यहां लोग भी कम पहुंचे। प्राधिकरण अधिकारियों तक जिनकी पकड़ थी उनके नक्शे हाथों-हाथ पास हो गए जबकि आम लोगों का नंबर काफी दिक्कतों के बाद आया।
प्राधिकरण ने भीमताल, भवाली और मुक्तेश्वर क्षेत्र के भवन मानचित्रों के निस्तारण के लिए कैंप का आयोजन किया। कैंप में पहुंचे लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा प्राधिकरण की ओर से नक्शे पास कराने पहुंचे लोगों से पहले मानचित्रकारों के काम कर लिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को पहले प्राथमिकता देनी चाहिए थी। भीमताल के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने कैंप की सूचना नहीं दिए जाने पर नाराजगी जाहिर की। भाजपा नेता दिनेश सांगुड़ी ने कहा कि प्राधिकरण की ओर से कैंप की सूचना नहीं दिए जाने से बहुत से लोग नहीं पहुंच पाए। उन्होंने कहा कि इससे लोगों में नाराजगी है। प्राधिकरण सचिव विजयनाथ शुक्ल ने कहा कि नक्शे सभी के पास किए गए हैं। आर्किटेक्टों के ही नक्शे पास करने की बात गलत है। कैंप की सूचना दी गई थी और जनता दरबार के शिविर अलग से लगाए जाते हैं। मंगलवार को आवासीय और व्यावसायिक नक्शे पास और जारी किए हैं। संवाद
108 मानचित्रों को मिली कैंप में स्वीकृति
भीमताल। कैंप में भीमताल, भवाली और मुक्तेश्वर क्षेत्र के 85 भवनों के मानचित्रों को स्वीकृति दी गई। इसमें से चार व्यावसायिक भवन मानचित्र हैं। 21 भवन मानचित्रों में डिजिटल सिग्नेचर जारी करते हुए मानचित्र निर्गत किए गए। हल्द्वानी में 23 भवन मानचित्रों की स्वीकृति और 14 भवन मानचित्रों में डिजिटल सिग्नेचर जारी करने के साथ नक्शे दिए गए।