दो दिन खराब रहेगा मौसम
हल्द्वानी। शहर में सोमवार दिनभर उमस ने लोगों को परेशान किया। शाम को अचानक तेज हवा चली और झमाझम बारिश हुई तो उमस से राहत मिली। अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने नैनीताल, रुद्रपुर, बागेश्वर समेत पर्वतीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए सचेत किया है। मैदानी इलाकों में भी इस दौरान तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। सोमवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम 20.8 और न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। संवाद
नैनीताल में मौसम सुहावना
नैनीताल। सोमवार को नैनीताल में मौसम सुहावना बना रहा। दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही जिससे वातावरण में ताजगी घुल गई। सुबह और दोपहर के समय हुई बारिश से कुछ देर के लिए लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि, बारिश थमते ही आसमान साफ हो गया और हल्की धूप खिल उठी। कभी घना कोहरा छाया रहा तो कभी तेज हवाएं चलीं। इससे मौसम में लगातार बदलाव महसूस किया गया। इन सभी बदलावों के बावजूद, दिन भर मौसम अच्छा बना रहा। बारिश और हवाओं के असर के बावजूद ठंड का प्रभाव बहुत अधिक नहीं बढ़ा। ऐसे में दिन भर मौसम अच्छा और सुखद बना रहा।