हल्द्वानी। पुलिस ने ऑपरेशन मुक्ति अभियान शुरू किया है। इसके जरिए भिक्षावृत्ति, कूड़ा बीनने, गुब्बारे बेचने के कार्य में लगे बच्चों को चिह्नित करने का काम होगा। इसके लिए एसएसपी पीएन मीणा ने सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल को जिम्मेदारी दी है।
अभियान की थीम है- भिक्षा नहीं, शिक्षा दीजिए। इसके लिए एसपी सिटी प्रकाश चंद्र को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान के पहले दिन सीओ ने शुक्रवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन में ठेला व फड़ कारोबारियों के साथ कार्यशाला की। इसमें सीओ लालकुआं ने कहा कि पूर्व में नैनीताल पुलिस द्वारा अभियान में काफी बच्चों को भिक्षावृत्ति से निकालकर स्कूलों में दाखिला कराया गया था। इस वर्ष भी भरसक प्रयास करते हुए सार्थक परिणाम हासिल किए जाएं। इस दौरान एएचटीएस प्रभारी मंजू ज्याला, सोमेंद्र सिंह, गुलाब सिंह, संजीव कंडारी श्रम निरीक्षक के अलावा धरोहर बाल आश्रय गृह, वीरांगना बाल आश्रय गृह के संचालक भी मौजूद रहे।
दो चरणों में चलेगा अभियान
अभियान को 02 चरणों में चलाया जाएगा। पहला चरण 15 मार्च तक चलेगा। भिक्षावृत्ति, कूडा बीनने व अन्य कार्यों में लिप्त बच्चों का सत्यापन, चिह्निकरण कर बच्चों व उनके परिवारों का डाटा तैयार किया जाएगा। स्कूलों में दाखिला कराया जाएगा। दूसरे चरण में 16 से 31 मार्च तक सभी स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थानों, महत्वपूर्ण चौराहों, सिनमाघरों, बस व रेलवे स्टेशनों, धार्मिक स्थानों आदि स्थानों पर बच्चों को भिक्षा न दिए जाने को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। बैनर पोस्टर, नुक्कड़ नाटक, ट्रैफिक चौराहों व धार्मिक स्थल पर लाउडस्पीकरों, सिनेमाघरों पर शॉर्ट मूवी, सोशल मीडिया के माध्यम से भी जागरूक किया जाएगा।