हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में मंगलवार (आज) से सभी विभागों की ओपीडी शुरू हो जाएगी। भीड़ नियंत्रित करने के लिए हर विभाग में प्रत्येक दिन केवल 30 मरीज ही देखे जाएंगे, जिससे कोविड के दौर में ओपीडी सुचारु रूप से चलती रहे।
एसटीएच में ओपीडी के लिए रजिस्ट्रेशन सुबह नौ बजे से 11:30 बजे तक ही हो सकेगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद कर दिया जाएगा। एसटीएच प्रशासन की ओर से सभी लोगों को सैनिटाइज करने के बाद ही अंदर भेजा जाएगा। एमएस डॉ. अरुण जोशी एवं अन्य स्टाफ ने ओपीडी के सभी वार्डों का निरीक्षण किया। एमएस डॉ. जोशी ने बताया कि हमारी सबसे बड़ी चुनौती मरीजों की भीड़ को नियंत्रण करना है, जिससे कोरोना संक्रमण न फैले।
कहा कि नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाएगा, जिससे ओपीडी सुचारु रूप से चल सके। मालूम हो कि एसटीएच में अब तक छह विभागों की ओपीडी में रोजाना करीब 60 से 70 मरीज आ रहे हैं। सभी विभागों की ओपीडी शुरू होने के साथ मरीजों की संख्या बढ़ने का अनुमान है।
16 विभाग हैं एसटीएच में
हल्द्वानी। एसटीएच में 16 मुख्य विभाग हैं। फिलहाल एसटीएच में न्यूरो, प्लास्टिक, स्किन, फिजियोथेरेपी, डेंटल और आर्थोपेडिक विभाग की ओपीडी चल रहीं हैं। मंगलवार से मेडिसिन, गायनी, ईएनटी, न्यूरोसर्जरी, सर्जरी आदि विभागों की ओपोडी भी शुरू कर दी जाएगी।
कोविड डिपार्टमेंट को अलग रखेंगे
हल्द्वानी। एसटीएच में कोविड डिपार्टमेंट पीछे की तरफ बनाया गया है, जहां पहले इमरजेंसी था। एक कैजुअल्टी इमरजेंसी वार्ड ओपोडी के पास संचालित किया जा रहा है। ओपीडी पुरानी जगह पर चलेगी। इससे कोविड के मरीज और सामान्य मरीजों को अलग रखने में मदद मिलेगी।
जरूरी मरीजों का होगा ऑपरेशन
हल्द्वानी। ओपीडी में आने वाले जरूरी मरीजों का ऑपरेशन किया जाएगा, ऐसे मरीजों को लौटाया नहीं जाएगा। एमएस ने बताया कि रूटीन सर्जरी फिलहाल नहीं होंगी।
सभी ओपोडी मंगलवार से शुरू हो जाएंगी। आने वाले दिनों में माहौल को देखते हुये नियमों को भी बदला जा सकता है।
- डॉ. अरुण जोशी, एमएस, एसटीएच