हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज। अमर उजाला
हल्द्वानी। छात्रों के आमरण अनशन करने के बाद भी एमबीपीजी कॉलेज में बीए में सिर्फ 276 सीटें ही बढ़ सकीं हैं, जबकि बीए में दाखिला लेने के लिए आवेदकों की संख्या तीन हजार से अधिक है। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने बीए में जो सीटें बढ़ाई हैं उनमें भी दस फीसदी सीटें ईडब्ल्यूूएस कोटे के लिए आरक्षित हैं। इसमें भी आर्थिक आधार पर तहसील का प्रमाणपत्र जमा करने पर ही सामान्य वर्ग के विद्यार्थी को दाखिला मिल सकेगा। इधर, बीए में दाखिला होने पर छात्रों में असंतोष बरकरार है तथा छात्रों का आंदोलन फिर से छिड़ सकता है।
एमबीपीजी कॉलेज में 40 प्रतिशत अंकों से अधिक वाले सभी छात्रों को प्रवेश दिए जाने की मांग को लेकर 15 दिनों से छात्रों का आंदोलन चल रहा है। छात्रों ने प्राचार्य का घेराव, धरना प्रदर्शन के बाद तीन दिनों तक आमरण अनशन भी किया। कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से एमबीपीजी कॉलेज को जो पत्र भेजा गया उसमें कुल 20 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का जिक्र किया गया, इसमें 10 प्रतिशत आर्थिक रूप से पिछड़े छात्रों (प्रमाणपत्र के आधार पर) के लिए तथा 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें शामिल हैं।
इस तरह बीए में 276, बीकॉम में 172 और बीएससी दोनों वर्गों में 280 सीटें बढ़ी हैं। बीए में जो सीटें बढ़ी हैं उन पर उन्हीं विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा जिन्होंने आनलाइन रजिस्ट्रेशन किया था। इनकी संख्या भी 2450 है जबकि 600 से अधिक विद्यार्थियों के आवेदन ऑफलाइन के जमा हैं। ऐसे में कितने विद्यार्थियों को बीए में दाखिला हो सकेगा, इसको लेकर कालेज प्रशासन की नींद उड़ी है। बीकॉम में भी दाखिले के लिए आवेदनों की संख्या काफी अधिक है। कालेज प्रशासन ने 24 अगस्त को प्रात: दस बजे से प्रवेश काउंटरों पर दाखिला दिए जाने की तैयारी की है।
--
कुमाऊं विश्वविद्यालय के आदेश के मुताबिक बीए, बीकॉम और बीएससी में सीटें बढ़ाई गई हैं। सबसे अधिक दबाव बीए में है इसलिए बीए की मेरिट लिस्ट जारी की गई है। शनिवार को स्नातक प्रथम सेमेस्टर में बढ़ी हुई सीटों पर प्रात: 10 बजे से दाखिले दिए जाएंगे।
- डा. विनय विद्यालंकार, प्रभारी प्राचार्य एमबीपीजी कालेज
--
स्नातक प्रथम सेमेस्टर में सीटों की स्थिति
बीए - 1388
बीकॉम - 880
बीएससी पीसीएम ग्रुप- 720
बीएससी जेडबीसी ग्रुप - 720