भीमताल (नैनीताल)। समाज कल्याण विभाग की ओर से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, ईबीसी और दिव्यांग वर्ग के विद्यार्थियों को पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिया जाता है। विभाग ने वर्ष 2023-24 के लिए छात्रवृत्ति आवेदनों का पोर्टल पर नवीन पंजीकरण और विगत वर्ष के पात्र छात्रवृत्ति आवेदनों के पंजीकरण के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विभाग की ओर से ऑनलाइन आवेदन के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल scholarships.gov.in विद्यार्थियों के लिए 31 दिसंबर तक के लिए खोल दिया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के लिए विद्यार्थियों का आधार कार्ड बैंक से लिंक होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि बैंक से आधार कार्ड लिंक नहीं होने पर छात्रवृत्ति नहीं मिल पाएगी। कॉलेज और संस्थानों को संबद्धता प्रमाण पत्र समाज कल्याण विभाग को उपलब्ध कराना होगा। पोर्टल के ऑनलाइन आवेदन पत्र में विद्यार्थी का गृह जनपद भरा जाएगा। घिल्डियाल ने विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन 31 दिसंबर तक भरने को कहा है।