हल्द्वानी। गौलापार पंजाब नेशनल बैंक के समीप बुधवार की शाम दो बाइक के बीच टक्कर के दौरान दो युवक सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक युवक को एटीएच में डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गौलापार स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर रहने वाला शब्बीर उर्फ शब्बू (20) अपने साथी लाइन नंबर आठ निवासी इरशाद (15) के साथ बुधवार की शाम गौलापार में आर. वन बाइक से घूम रहा था। पंजाब नेशनल बैंक के सामने आगे जा रही एक्सपेलेंडर बाइक पर सवार शानू खान ने अपनी बाइक गांव की तरफ मोड़ ली। इस बीच शब्बीर की तेज रफ्तार बाइक, एक्सपेलेंडर बाइक से टकरा गई। दोनों बाइक पर सवार तीन लोग सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से घायलों को एसटीएच भेज दिया। एसटीएच में डाक्टरों ने शब्बू को मृत घोषित कर दिया। घायल इरशाद की हालत गंभीर बतायी जा रही है। एक अन्य घायल शानू को एसटीएच के समीप एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। काठगोदाम थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत का कहना है कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।