नैनीताल। पिछले साल त्योहार के मौके पर लिया तेल का एक सैंपल फेल हो गया, जबकि विभाग ने मटन शॉप में गंदगी मिलने पर दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। दोनों व्यापारियों के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी अश्विनी सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 में हल्द्वानी में चेकिंग के दौरान इमामी एग्रोटेक कंपनी जयपुर की ओर से ट्रक में भेजे गए सरसों के तेल का सैंपल लिया था। प्रयोगशाला में हुई जांच में तेल का सैंपल फेल हो गया है। तेल में मानक से अधिक आयोडिन पाया गया था।
संबंधित कंपनी को नोटिस जारी कर कहा है कि यदि वह चाहे तो तेल की जांच संबंधित उच्च स्तरीय प्रयोगशाला से करा सकते हैं। सिंह ने बताया कि 30 दिन के भीतर यदि कंपनी ने जांच नहीं कराई तो कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। सिंह ने बताया कि पिछले साल भीमताल स्थित सोना मटन चिकन शॉप का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान दुकान में गंदगी मिली थी। इसके बाद दुकान स्वामी अख्तर हुसैन का जवाब-तलब किया था। दुकान स्वामी के स्पष्टीकरण नहीं देने पर विभाग ने दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया है।