खैरना में आल्टो कार से टक्कराने के बाद सड़क किनारे पड़ी बाइक। संवाभद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BHIMTAL
गरमपानी (नैनीताल)। खैरना तहसील के पास कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। इसमें एक युवक ने सीएचसी पहुंचकर दम तोड़ दिया। दो अन्य युवकों को इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया। सोमवार शाम बाइक सवार तीन युवक खैरना नदी से नहाकर भवाली को लौट रहे थे। इस बीच खैरना तहसील के पास गरुड़ की तरफ जा रही अल्टो कार से उनकी बाइक भिड़ गई। हादसे में अक्षय कुमार पुत्र राजेश कुमार, प्रशांत गोस्वामी (25) पुत्र स्व गोविंद गिरी और बेताब कुमार (28) पुत्र आनंद कुमार निवासी भवाली गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से टैक्सी से सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अक्षय कुमार को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर राहुल ने बताया कि प्रशांत और बेताब के गंभीर चोटों को देखते हुए दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक ने हेलमेट पहना था। खैरना पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। घटना की सूचना के बाद मृतक अक्षय कुमार के घर में कोहराम मच गया। मृतक के दो बच्चे हैं।