फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश में वाहन पलटा: नहर में गिरे तीन लोग, चालक की मौत; स्थानीय लोगों ने युवकों को कड़ी मशक्कत कर बाहर निकाला

Sat, 14 Sep 2024 11:14 AM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, नैनीताल

सार

बारिश में ई-रिक्शा पलटकर नहर की ओर झुक गया। इससे उसमें सवार चालक समेत तीन लोग नहर में जा गिरे। हादसे में पानी के बहाव में बहने से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 

बरेली रोड पर मंडी चौकी के पास ई-रिक्शा पलटकर नहर की ओर झुक गया। इससे उसमें सवार चालक समेत तीन लोग नहर में जा गिरे। हादसे में पानी के बहाव में बहने से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

 

पुलिस के मुताबिक गोरापड़ाव के हरिपुर शिवदत्त निवासी रवि आर्या (27) पुत्र ललित मोहन ई-रिक्शा चलाता था। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे रवि अपने दोस्त प्रदीप और अभिषेक के साथ ई-रिक्शा से मंडी चौराहे से शनि बाजार की तरफ जा रहा था। मंडी चौकी के पास ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर नहर की ओर झूल गया और उसमें सवार तीनों युवक नहर में जा गिरे। अभिषेक और प्रदीप को स्थानीय दुकानदारों ने किसी तरह नहर से बाहर निकाला लेकिन रवि तेज बहाव में बह गया।

 

तीन पानी के पास नाले उसका शव बरामद हुआ। मंडी चौकी प्रभारी विजय मेहता ने शव को मोर्चरी भिजवाकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के मुताबिक रवि की दो साल पहले ही शादी हुई थी। उसकी मौत से पत्नी पूजा और अन्य परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है। इधर सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, एसडीएम परितोष वर्मा और तहसीलदार सचिन कुमार ने मोर्चरी में पहुंचकर मृतक के परिजनों को ढाढ़स बंधाया। 

विज्ञापन


ये पढ़ें- haldwani News: गौला नदी का रुख स्टेडियम की ओर, वायरक्रेट का कुछ हिस्सा बहा; सिंचाई विभाग कर रहा निगरानी
 

 

सरकारी लापरवाही की भेंट चढ़ गया रवि
बरेली रोड पर मंडी चौकी से लेकर तीनपानी तक जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। स्थानीय लोग काफी समय से सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे हैं लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। लगातार दो दिनों की बारिश में सड़क और भी ज्यादा खराब हो गई है। आसपास के लोगों का कहना है कि गड्ढा युक्त इस सड़क पर पानी का इतना तेज बहाव है कि यहां कार चलाना भी मुश्किल है। कई ई-रिक्शा संचालकों ने बताया कि सड़क के गड्ढों के चलते उनके वाहन के बेयरिंग आए दिन टूटते रहते हैं। लोगों का कहना है कि यदि सड़क को समय से ठीक करा दिया गया होता तो आज रवि के साथ यह हादसा नहीं होता। 

बाइक सवार शिक्षक गुरुणी नाले में बहा, ग्रामीणों ने बचाया

विज्ञापन

कोटाबाग/कालाढूंगी ब्लॉक मुख्यालय से मात्र दो किमी की दूर बहने वाले गुरुणी नाला दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण उफान पर बह रहा है। इस कारण कोटाबाग-कालाढुंगी के बीच आवागमन लगातार बाधित रहा। शुक्रवार को शिक्षक तेज सिंह अधिकारी बाइक समेत नाला पार करने के दौरान बह गए। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शिक्षक को बचा लिया लेकिन उनकी बाइक नाले में बह गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश वर्मा ने बताया कि सबसे अधिक परेशानी मरीजों के रेफर होने पर उन्हें हल्द्वानी ले जाने में हो रही है।

 

इधर कालाढूंगी में मेथीसाह नाला और बैलपडाव में करकट नाला उफान पर बह रहे हैं। देवीपुरा-सौड़ और कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग जगह-जगह मलबा आने से बंद हैं। वहीं चकलुवा में निहाल नाले में आए बहाव से रामपुर गांव और विदरामपुर गांव में कृषि जमीन बह गई है। यहां के पूरन खाती की पॉल्ट्री फार्म का एक हिस्सा ढह गया है। धापला के ग्राम प्रधान दयानंद आर्या ने बताया कि निहाल नाले और अम्मा गैर नाले के कटाव से गांव खतरे की जद में आ गया है। इधर, एसडीएम रेखा कोहली ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। मेथीशाह नाले के पास रहने वाले एक परिवार के पांच सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। साथ ही लाउडस्पीकर से अनाउंस कराकर लोगों को सतर्क रहने को कहा।

ढिकुली और चोरगलिया में हाईवे पर गिरे पेड़

विज्ञापन

नेशनल हाईवे 309 पर ढिकुली में शुक्रवार दोपहर को पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। सूचना पर टीम के साथ पहुंचे अग्निशमन अधिकारी उमेश परगाई ने पेड़ को कटवाकर किनारे कर यातायात बहाल कराया। इधर चोरगलिया में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण बृहस्पतिवार रात को मुख्य मार्ग एमबीआर गेट के पास एक विशाल पेड़ गिर गया। इस कारण करीब छह घंटे तक यातायात बाधित रहा। सिडकुल सितारगंज औद्योगिक संस्थान जाने वाले कर्मचारियों समेत अन्य यात्री फंसे रहे। वहीं पेड गिरने से विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने से चोरगलिया क्षेत्र में करीब 14 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इधर भारी बारिश के कारण शेर नाला और सूर्या नाला उफान पर रहे। नन्धौर नदी के उफान के कारण आमखेड़ा और दुबेलभीड़ा क्षेत्र में भारी भू-कटाव हो रहा है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें