अतिक्रमण हटाने को लेकर न तो नगर निगम की मंशा साफ है न ही सड़क कब्जाए बैठे लोग मानने को तैयार हैं। नगर निगम ने सोमवार को खानचंद मार्केट और केमू स्टेशन रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया मगर दूसरे दिन ही इस अभियान की हवा निकल गई।
अतिक्रमण हटाने वाली टीमें ऑफिस से बाहर नहीं निकलीं और कारोबारी भी सड़क के आगे सामान फैलाने में पीछे नहीं रहे। सोमवार को मुख्य नगर आयुक्त केके मिश्र नगर निगम की टीम के साथ खुद अतिक्रमण हटाने निकले थे।
एक घंटे के शोरशराबे के बीच अतिक्रमणकारियों से 12500 रुपये वसूले गए और दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। मंगलवार को दुकानदारों ने तीन-तीन फिट तक दुकान का सामान फिर से सड़क और फुटपाथ में लगा दिया। इससे आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं केमू स्टेशन में जाम लगता रहा।
सड़क में नहीं दिखे तरबूज
ठेली फड़ व्यवसायियों पर हुई कार्रवाई से जहां नैनीताल रोड के किनारे तरबूज बेचने वाले दिखाई नहीं दिए। वहीं ठेली फड़ भी कम दिखाई दिए।
एमएनए के घर के बाहर पुलिस तैनात
मुख्य नगर आयुक्त (एमएनए) केके मिश्र ने सोमवार को तरबूज के ठेले को पलट दिया था। इससे गुस्साए ठेले वालों ने उनके घर के आगे प्रदर्शन किया था। दोबारा प्रदर्शन न हो इसको देखते हुए उनके घर के बाहर पुलिस के चार जवान तैनात किए गए हैं।