फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली के दो लोगों से एक करोड़ 40 लाख रुपये बरामद

विज्ञापन
विज्ञापन
हल्द्वानी। एसओजी और मुखानी पुलिस ने लामाचौड़ बैरियर पर चेकिंग के दौरान बृहस्पतिवार को एक कार से एक करोड़ 39 लाख 99 हजार रुपये बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली स्थित एक फैक्ट्री के कार चालक और सुपरवाइजर को हिरासत में ले लिया है। दोनों यह नहीं बता रहे कि पैसा किस उद्देश्य से वह लेकर जा रहे थे।
विज्ञापन

सीओ शांतनु पाराशर के निर्देशन में एसओजी और मुखानी पुलिस की टीम ने बृहस्पतिवार दोपहर को लामाचौड़ बैरियर पर दिल्ली के नंबर की एक कार की तलाशी ली। पुलिस को कार की सीट के नीचे दो थैलों में रखी नोटों की गड्डियां दिखाई दीं। पूछने पर चालक और उसका साथी कोई कागजात नहीं दिखा सके, जिस पर दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
उन्होंने बताया कि उन्हें नोटों से भरे दोनों थैलै मंडी के पास एक व्यवसायी ने दिए थे। हिरासत में लिया गया चालक कन्हैया दिल्ली के कटरा नंबर तीन गुड़मंडी और उसका साथी सुपरवाइजर गौरीशंकर चोटिया राजस्थान के चुरु जिले के दल्लूसर का रहने वाला है।
विज्ञापन

दोनों दिल्ली स्थित वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया से फैक्ट्री मालिक चेतन कनोडिया के कहने पर आए थे। दोनों का कहना था कि उनके पास एक करोड़ 40 लाख रुपये हैं लेकिन गिनती करने पर एक करोड़ 39 लाख 99 हजार रुपये ही मिले।
कर्मचारियों ने बताया कि यहां आने के लिए दोनों को मेडिकल पास उपलब्ध कराया गया था। पुलिस ने पैसा देने वाले गौजाजाली के व्यवसायी का भी पता लगाया है। पकड़ने वाली पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी अबुल कलाम, थानाध्यक्ष भगवान सिंह महर, चौकी प्रभारी महेश जोशी आदि पुलिसकर्मी शामिल थे। उधर, फैक्टरी मालिक ने पूछने पर बताया कि इस मामले में उनकी लीगल टीम बात करने के लिए मुखानी थाने आएगी। पुलिस ने पूछताछ के लिए गौजाजाली के व्यवसायी को भी बुलाया है।
बुलाने पर नहीं आई आयकर टीम
एसओजी प्रभारी अबुल कलाम ने बताया कि नोटों की बरामदगी के मामले में आयकर के एक वरिष्ठ अधिकारी को सूचना दी थी, लेकिन लॉकडाउन के चलते उन्होंने आने से इनकार कर दिया। इस मामले में पुलिस लिखित रूप से आयकर और ईडी को सूचना भेज रही है।
नोट गिनने के दौरान मशीन हुई खराब, फिर हाथ से गिने
मुखानी थाने में 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां गिनते समय बैंक की मशीन खराब हो गई। पुलिस ने मुखानी स्थित आईसीआईसीआई बैंक की शाखा से नोट गिनने की मशीन मंगाई थी। मशीन खराब होने पर थानाध्यक्ष भगवान सिंह महर के साथ पुलिसकर्मियों ने हाथ से नोट गिने, जिसमें ढाई घंटे का समय लगा।
बरामद पैसे किसी अन्य धंधे के तो नहीं
पुलिस के समक्ष चालक कन्हैया कोहली और गौरीशंकर ने बताया कि वे 15 साल से अधिक समय से कनोडिया टेक्नो कंपनी के लिए काम करते हैं, जो फ्लैक्सी बनाने का काम करती है। चर्चा है कि गौजाजाली के व्यवसायी ने गुटखा या किसी अन्य धंधे के लिए नकदी दी है। पुलिस का कहना है कि दिल्ली और हल्द्वानी के दोनों व्यवसायियों के आने पर स्थिति स्पष्ट होगी कि पैसा किसके लिए दिल्ली भेजा जा रहा था।
पुलिस करेगी सख्त कार्रवाई
एक करोड़ 39 लाख 99 हजार रुपये दो लोगों से बरामद हुए। इस मामले में ईडी और आयकर विभाग को सूचना भेज दी गई है। पुलिस इस मामले में अन्य कार्रवाई करने पर विचार कर रही है। - सुनील कुमार मीणा, एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें