नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार को पॉलीथिन की चेकिंग के लिए दुकानों और फड़-ठेलियों में छापामारी की। नगर आयुक्त ने नौ व्यापारियों का चालान कर तेरह हजार का जुर्माना वसूला। छापामारी के दौरान टीम ने त्योहारी सीजन को देखते हुए दूध, घी और केक के सैंपल भी लिए।
हाईकोर्ट ने नैनीताल जिले में पॉलीथिन प्रतिबंधित की है। लेकिन बाजारों में खुलेआम पॉलीथिन इस्तेमाल हो रही है। अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में पॉलीथिन के इस्तेमाल पर खबर प्रकाशित की थी।
नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार को ही बाजार में छापामारी अभियान चलाया। नगर आयुक्त हरबीर सिंह ने नौ व्यापारियों के यहां से पॉलीथिन बरामद की और 13 हजार का जुर्माना लगाया। व्यापारियों को हिदायत दी कि दोबारा पॉलीथिन बरामद होने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
नगर आयुक्त ने मंगल पड़ाव से दूध के दो और हिंदू धर्मशाला के पास की दुकान से देसी घी का सैंपल लिया। जबकि नैनीताल रोड में एक दुकान से केक का सैंपल लिया गया। नगर आयुक्त के मुताबिक सैंपल जांच के लिए रुद्रपुर लैब भेजे जाएंगे। सैंपल फेल होने पर कार्रवाई की जाएगी।