हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज को इट-राइट कैंपस बनाने की कवायद
नवनीत सिंह बिष्ट
हल्द्वानी। एमबीबीएस के छात्रों की थाली में सेहतमंद भोजन परोसा जाएगा। हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज को इट-राइट कैंपस बनाने की कवायद की जा रही है। इसके लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के तहत कॉलेज की मेस और कैंटीन में पौष्टिक व स्वच्छ भोजन की व्यवस्था करनी होगी। कॉलेज में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से लेकर भोजन तैयार करने वाले कर्मचारियों की सफाई तक की जांच की जाएगी। पांच महीने तक मानकों पर खरा उतरने के बाद कॉलेज को इट-राइट कैंपस का दर्जा मिल जाएगा। केंद्र सरकार की पहल पर मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, जेल आदि बड़े संस्थानों में यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। संवाद
कैसे मिलता है दर्जा-
1. पहले मेडिकल कॉलेज का पंजीकरण होगा।
2. खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों पर प्री ऑडिट किया जाएगा।
3. भोजन तैयार करने वाले कर्मियों को हाइजेनिक प्रेक्टिस की ट्रेनिंग दी जाएगी।
4. थर्ड पार्टी से मेस का निरीक्षण और मानकों की जांच कराई जाएगी।
5. खाना पकाने से लेकर सामग्री रखने तक के स्थानों को परखा जाएगा।
6. 100 में से कम से कम 65 अंक यानि थ्री स्टार लाने जरूरी हैं।
कोट-
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से बातचीत हुई है। जल्द इट-राइट कैंपस बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें खाना तैयार करने से लेकर गुणवत्ता और परोसने तक का बारीकी से जांच की जाएगी। - ललित पांडे, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग