भीमताल झील के मध्य स्थित टापू जहां सैलानी एक्वेरियम के दीदार के अलावा काफी का स्वाद भी ले सकेंगे।
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। भीमताल झील के बीच स्थित टापू में सैलानी अब प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ कॉफी का लुत्फ भी उठा सकेंगे। जिला विकास प्राधिकरण ने टापू का सौंदर्यीकरण कर उसे आईलैंड बनाने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। जल्द टापू जाने वाले सैलानी खास अनुभव लेकर लौटेंगे।
वर्तमान में टापू में डेढ़ करोड़ की लागत से निर्मित एक्वेरियम मौजूद है, जहां विशेष तरह की मछलियां नजर आती थी। पिछले सालों में बदहाली से एक्वेरियम जाने वाले सैलानी निराश होकर लौटते हैं। इसे देखते हुए प्राधिकरण ने टापू को आकर्षक बनाने की पहल शुरू की है। प्राधिकरण सचिव पंकज उपाध्याय ने बताया कि टापू में एक्वेरियम के साथ साथ कॉफी शॉप स्थापित करने की तैयारी है, जिससे सैलानी टापू में बैठकर झील और पहाड़ियों के प्राकृतिक सौंदर्य को निहार सकें। उपाध्याय ने बताया कि टापू में न तो किचन बनाई जाएगी और न ही शौचालय। साथ ही टापू का सौंदर्यीकरण कर लाइटिंग करने, टापू और डांठ के मध्य झील में म्यूजिकल फाउंटेन लगाने की भी योजना है।
कभी कढ़ी चावल के लिए जाना जाता था टापू
नैनीताल। वर्ष 1990 तक टापू में रेस्टोरेंट संचालित होता था। इस रेस्टोरेंट का अधिकांश समय संचालन तल्लीताल के नेगी परिवार ने किया था। उस दौरान टापू में बनने वाले कढ़ी चावल का स्वाद सैलानियों को खूब भाता था। बाद में हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने टापू से रेस्टोरेंट की सुविधा हटा दी और वहां एक्वेरियम बना दिया।
पार्किंग से लगा भवन भी लीज पर देगी प्राधिकरण
नैनीताल। भीमताल डांठ स्थित पार्किंग से लगे भवन को प्राधिकरण लीज पर देने जा रहा है। इस भवन में पिछले कई साल तक प्राधिकरण का दफ्तर था, इसे अब नैनीताल शिफ्ट कर दिया है। तब से यह भवन खाली पड़ा है। इसकी विशेषता यह है कि यह भवन झील के ऊपर कॉलम बीम में बनाया है। प्राधिकरण सचिव उपाध्याय ने बताया कि इसे भी पर्यटन को बढ़ावा देने संबंधी गतिविधियों के लिए लीज पर दिया जा रहा है।