ओखलकांडा ब्लॉक में तेंदुओं के हमलों में तीन मौतों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है तो वहीं, जनप्रतिनिधियों में वन विभाग के लिए आक्रोश है। पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी ने कहा कि वन विभाग की लापरवाही के चलते तेंदुओं के हमले बढ़ रहे हैं। अब तक वन विभाग तेंदुए को आदमखोर घोषित नहीं कर पाया है। उन्होंने तीन दिन के भीतर तेंदुए के नहीं पकड़े जाने पर डीएफओ और कंजरवेटर कार्यालय में धरने प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
हल्द्वानी मंडी समिति अध्यक्ष मनोज साह ने बताया कि तीन मौतों से ग्रामीणों में डर का माहौल है, लेकिन विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है। उन्होंने बताया कि सीएम को घटना से अवगत कराने के साथ शासन और जिला प्रशासन से तेंदुए को आदमखोर घोषित करने के लिए कहा है। कुकना के पूर्व प्रधान मदन नौलिया ने बताया कि वन विभाग की लापरवाही से ही तेंदुआ आदमखोर बनकर ग्रामीणों को अपना निवाला बना रहा है।
तुषराण में आया शिकारी
धारी एसडीएम अनुराग आर्या ने बताया कि तुषराण में 13 साल की नेहा कफल्टिया को मारने वाले तेंदुए के लिए शिकारी को बुला लिया है। एसडीएम ने बताया कि शिकारी गांव में पहुंचकर तेंदुए के शिकार में लग गए है। साथ ही बजवाल और धैना ग्रामसभा में भी शिकारी बुलाने की कार्रवाई चल रही है।