नैनीताल। नौकायन के लिए अब पर्यटकों को टिकट लेने के दौरान अपने आधार कार्ड की जानकारी भी देनी होगी। पालिका ने सभी नौ बोट स्टैंड संचालकों को नोटिस जारी कर पर्यटकों को टिकट देते समय आधार कार्ड का फोटो लेने व नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा झील में नाव से कूदकर नहाने के मामले में दो पैडल बोट के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं।
बीती शनिवार की शाम को मल्लीताल क्षेत्र में पैडल बोट में बैठ कुछ पर्यटकों ने नहाने के लिए कपड़े उतारकर झील में छलांग लगा दी थी। काफी देर तक पर्यटक झील में तैरते रहे। इसका वीडियो वायरल होने पर पालिका की टीम मामले की जांच में जुट गई।
पालिका की टीम पर्यटकों को तो नहीं खोज पाई लेकिन बोट संख्या पता करने के बाद पहली बार बोट के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की गई।
पालिका के ईओ दीपक गोस्वामी ने बताया कि मामले में दोनों पैडल बोट 74 व 75 का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। साथ ही नौ बोट स्टैंड संचालकों को नोटिस जारी कर अब टिकट देने के दौरान पर्यटक के आधार कार्ड का फोटो लेने के निर्देश दिए गए हैं ताकि शनिवार जैसी घटना होने पर पर्यटकों की जानकारी उनको मिल सके। संवाद