चुनावी मोड में आई भाजपा अब कांग्रेस के मंत्रियों के खिलाफ भी आक्रामक दिखेगी। शनिवार को भीमताल के एक रिजॉर्ट में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने साफ कहा कि अब शांति काल नहीं, बल्कि युद्ध काल है।
कोर कमेटी में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी खासी बहस हुई। बाद में भ्रष्टाचार के मामलों में विधानसभा के स्तर पर अलग और राज्य स्तर पर अलग से आरोप पत्र जारी करना तय किया गया। कोर कमेटी ने हर कार्यक्रम को चुनाव के मद्देनजर तैयार करने और पदयात्रा के जरिये लोगों तक पहुंचने का भी फैसला किया।
कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल ने युद्ध काल का एलान कर साफ संकेत दे दिया कि भाजपा अब पूरी तरह से चुनावी मोड में है। सूत्रों के मुताबिक बैठक में चुनाव के हिसाब से ही अब हर कार्यक्रम तय करने का फैसला किया गया।
कोर कमेटी में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी नेताओं के बीच खासी बहस हुई । एक नेता ने यह साफ कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों पर कोई भी जांच पूरी न होने से अब लोगों का विश्वास भी भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान से उठता जा रहा है। कोर कमेटी के कुछ सदस्यों ने इस पर नाराजगी भी जताई।
इस पर तय किया गया कि भाजपा अब दो अलग-अलग स्तर पर आरोप पत्र तैयार करेगी। एक आरोप पत्र विधानसभा के स्तर पर तैयार किया जाएगा। दूसरा आरोप पत्र खनन, आबकारी आदि से संबंधित मुद्दों का होगा जो राज्य स्तर पर तैयार किया जाएगा।
कोर कमेटी की बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रदेश सरकार के मंत्रियाें के खिलाफ भी मोर्चा खोला जाए। कहा गया कि हरीश बनाम भाजपा की छवि से भी भाजपा को बाहर निकलना होगा। कोर कमेटी की बैठक में सोशल मीडिया के अभियान को और अधिक आक्रामक करने पर भी जोर दिया गया।
कोर कमेटी में एक अन्य नेता ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि कई केंद्रीय नेता उत्तराखंड पहुंचकर प्रदेश सरकार की तारीफ कर रहे हैं। यह इशारा हाल ही में केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा की ओर था, जो हाल ही में उत्तराखंड आए थे और उन्होंने मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ देहरादून से रामनगर के होटल मैनेजमेंट संस्थान का शिलान्यास किया था।
कोर कमेटी ने चुनाव को देखते हुए विधानसभा के चुनावी विस्तृत कार्यक्रमों को हरी झंडी दी। इससे पहले कार्यक्रम क्रियान्वयन समूह और कार्य समूहों के प्रमुखों के साथ कोर कमेटी के सदस्यों ने बातचीत की। इसमें तय किया गया कि भाजपा अब पदयात्रा केजरिये हर घर तक पहुंचेगी।