रामनगर (नैनीताल)। कोसी बैराज के पास बुधवार शाम कार हटाने के विवाद में एक युवक ने दूसरे युवक को गोली मारकर घायल कर दिया था। घायल युवक को काशीपुर के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई गई है। पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कोसी बैराज के पास बुधवार शाम छह बजे गाड़ी हटाने, बचाने को लेकर दो कार चालकों में विवाद हुआ था। आरोप है कि इस मामले में हिस्ट्रीशीटर कपिल रावत ने पंजाबी सराय काशीपुर निवासी हैदर अली पर फायर झोंक दिया था, जिससे हैदर घायल हो गया था। वहां अफरातफरी मच गई थी। घायल हैदर को काशीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
काशीपुर के मोहल्ला थानासाबिक निवासी हैदर के भाई गौहर खान ने पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने ग्राम किशनपुर कानिया निवासी कपिल रावत और मोहल्ला खताड़ी निवासी मो. शाहरुख को नामजद कर इनके दो अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
इसमें जान से मारने की नीयत से हमले के आरोप में आईपीसी की धारा 307, 504, 506 का आरोप है। पुलिस ने नामजद आरोपी शाहरुख को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि मौके से सबूत जुटाए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।