रामनगर (नैनीताल)। चोरपानी मानिला विहार में पानी नहीं आने पर स्थानीय लोगों ने जलसंस्थान के जेई को मौके पर बुलाकर समस्या बताई। वहीं जेई ने भी जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
मंगलवार को ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी ने मानिला विहार में जेई जलसंस्थान प्रदीप चौहान को मौके पर बुलाया। महिलाओं ने बताया कि यदि विभाग ने जल्द समस्या दूर नहीं की तो वह जलसंस्थान कार्यालय में भूख हड़ताल करेंगे। आरोप लगाया कि हर घर में नल के नाम पर खुली लूट मची है, पाइप लाइनें टूटी पड़ी हैं। वहीं जल संस्थान के जेई ने एक सप्ताह के भीतर समाधान करने की बात कही। इस दौरान विमला रावत, शांति देवी, तारा देवी, मनीष कुमार, आशा देवी, कल्लू, भारती देवी, शंकर आदि लोग मौजूद रहे।
बेतालघाट में पानी के लिए तरसे 200 परिवार
बेतालघाट (नैनीताल)। गर्मी बढ़ने के साथ पर्वतीय क्षेत्रों के लोग पानी की समस्या से जूझने लगे हैं। पानी नहीं आने से लोग जलस्रोतों और हैंडपंप से पानी लाने को मजबूर हैं।
बेतालघाट ब्लॉक के घघरेटी ग्राम पंचायत में सप्ताह भर से ग्रामीण पानी की समस्या से परेशान हैं। प्रधान कुंदन सिंह और क्षेत्र पंचायत सदस्य धीरज सिंह ने बताया कि 200 से अधिक परिवार कोसी नदी से पानी ढोने को मजबूर हैं। जल संस्थान और जल निगम के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। ग्रामीण जगत सिंह, गोपाल सिंह, विनोद सिंह, प्रमोद, मुकेश सिंह, मदन सिंह, पीतांबर आर्य, रमेश कोहली ने पेयजल समस्या हल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। जलसंस्थान के जेई राकेश कुमार ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गांव को जल निगम देख रहा है। पुरानी लाइन का जलस्रोत बहुत नीचे चला गया है।
भवाली में भी पेयजल संकट
भवाली (नैनीताल)। कांग्रेसियों ने जलसंस्थान के महाप्रबंधक डीके सिंह को नगर में पेयजल समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। बताया कि नगर के दो कई दिनों से काम नहीं कर रहे हैं। श्यामखेत क्षेत्र में दस दिन से पानी नहीं आ रहा है और लोगों को टैंकरों से पानी मंगाना पड़ रहा है।
ज्ञापन देने वालों में पूर्व विधायक और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य, कांग्रेसी नेता खष्टी बिष्ट, पूर्व पालिकाध्यक्ष दयाल चंद्र आर्य और नगर अध्यक्ष हितेश साह, कमला चौधरी, भुवन लाल साह, हरेंद्र आर्य, कन्नू बिष्ट, मोहन आजाद आदि मौजूद रहे।
पानी का बिल जमा नहीं किया तो कनेक्शन कटेंगे
नैनीताल। नगर में पानी का बिल जमा नहीं करने पर अब जलसंस्थान पानी के कनेक्शन काटेगा। इसके िलिए छह टीमों का गठन किया गया है।
शहर में करीब साढ़े सात हजार घरेलू और गैर घरेलू पेयजल उपभोक्ता हैं। वित्तीय वर्ष में जल संस्थान उपभोक्ताओं से सात करोड़ रुपये वसूल नहीं पाया। अब वसूली के लिए विभाग ने सहायक अभियंता व अपर सहायक अभियंता के नेतृत्व में छह टीमें गठित कर दी हैं। सहायक अभियंता दिलीप सिंह बिष्ट ने बताया कि बिल जमा नहीं करने वालों के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इसमें अपर सहायक अभियंता भाष्कर सुयाल, गोपाल कार्की, रविंद्र पाठक, त्रिवेंद्र जोशी आदि शामिल हैं।
समस्याओं को लेकर सभासद ने दिया धरना
नैनीताल। अयारपाटा वार्ड के सभासद मनोज साह जगाती ने सीवर और पेयजल के मुद्दे को लेकर मंगलवार को जल संस्थान में धरना दिया। सभासद ने बताया कि उनके वार्ड में कई दिनों से सीवर खुले में बह रहा है और लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा। शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। इसके चलते धरने में बैठना पड़ रहा है।