नैनीताल की नैनापीक (चीना पीक) ट्रैक पर लापता हुए युवक अर्णव कुमार सिंह उर्फ प्रिंस का आठवें दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग और डॉग स्क्वॉड की टीमें लगातार जंगलों में सर्च अभियान चला रही हैं लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका है।
आठ दिन बीतने के बाद भी बेटे की कोई जानकारी नहीं मिलने से परिजनों का धैर्य जवाब देने लगा है। लापता युवक के पिता पंकज ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए मामले में अन्य पहलुओं को भी शामिल करने की मांग की है। पंकज का कहना है कि बेटे के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य संबंधित जानकारियों की जांच कर यह पता लगाया जाए कि लापता होने से पहले उसने किन लोगों से संपर्क किया था और उसकी आखिरी गतिविधियां क्या थीं।
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि युवक के दोस्तों से पूछताछ के अलावा युवक की कॉल डिटेल भी निकाली जा रही है।