नैनीताल में प्रवेश करने वाली सड़क पर लगाए गये नो मास्क नो इंट्री के फ्लैक्सी
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। नैनीताल आने वाले सैलानियों को अब अनिवार्य रूप से मास्क लगाकर आना होगा। बगैर मास्क के आने वाले सैलानियों को नगर में प्रवेश से रोका भी जा सकता है। यह संदेश जिला प्रशासन की ओर से लगाई गई फ्लेक्सी होर्डिंग्स में लिखा गया है। प्रशासन ने नगर के 25 प्रमुख स्थलों का चिह्नीकरण करते हुए फेस मास्क, सैनिटाइजर, साबुन का प्रयोग, सामाजिक दूरी का सदैव ध्यान रखने समेत अन्य जागरूकता संदेश देती फ्लेक्स होर्डिंग लगाई हैं। यही नहीं पर्यटकों के आवागमन को देखते हुए नगर में प्रवेश करने वाले मार्गों पर नो मास्क-नो इंट्री जैसे संदेश वाले होर्डिंग भी लगाए हैं। होर्डिंगों में ‘जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं’ संदेश को प्रमुखता से दर्शाया गया है। एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों और सैलानियों को कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए फ्लेक्सी और होर्डिंग्स लगाए गए हैं। नगर में प्रवेश करने वाले सैलानियों और स्थानीय लोगों के लिए घर से बाहर मास्क अनिवार्य किया गया है।