नैनीताल। शहर में पेयजल आपूर्ति ठप होने का खामियाजा अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को भी उठाना पड़ रहा है। मल्लीताल में पेयजल लाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण रैमजे अस्पताल में मरीजों के डायलिसिस अटक गए हैं। अब मरीजों को डायलिसिस कराने के लिए हल्द्वानी का रुख करना पड़ रहा है।
रैमजे अस्पताल में हर दिन तीन से चार मरीज डायलिसिस के लिए पहुंचते हैं। शुक्रवार तक अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों का डायलिसिस हो रहा था लेकिन शनिवार को अस्पताल में पानी का स्टॉक खत्म हो गया। पेयजल आपूर्ति वाली लाइन की मरम्मत का काम चलने से संकट और बढ़ गया। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन को मरीजों के डायलिसिस में दिक्कतें आने लगी। बताया जाता है कि रविवार और सोमवार को अस्पताल में एक भी मरीज का डायलिसिस नहीं हुआ है। दो दिन तक डायलिसिस न होने के कारण रैमजे अस्पताल पहुंचे छह-सात मरीजों को इलाज के लिए हल्द्वानी जाना पड़ा।
सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने बताया कि रैमजे अस्पताल में शनिवार को ही पानी का स्टाॅक खत्म हो गया था। दो दिन मरीजों का डायलिसिस नहीं हो पाया। लगभग तीन से चार मरीज रोजाना डायलिसिस के लिए अस्पताल पहुंचते हैं। बताया कि पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होने के बाद ही डायलिसिस संभव हो सकेगा।