डीडीए की बोर्ड बैठक शुक्रवार को अध्यक्ष एवं कुमाऊं आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में प्राधिकरण सभागार नैनीताल में आयोजित हुई। बैठक में जनहित, पर्यटन, भवन निर्माण, पार्किंग और शहरी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
नैनीताल जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण (डीडीए) की बोर्ड बैठक शुक्रवार को अध्यक्ष एवं कुमाऊं आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में प्राधिकरण सभागार नैनीताल में आयोजित हुई। बैठक में जनहित, पर्यटन, भवन निर्माण, पार्किंग और शहरी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
विज्ञापन
बैठक में भीमताल क्षेत्र में कृषि भूमि उपयोग और स्थानीय निवासियों को नक्शा स्वीकृति में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बोर्ड ने निर्णय लिया कि स्थानीय जरूरत के तहत 60 वर्गमीटर तक के सभी आवासीय नक्शों को स्वीकृति दी जाएगी। हालांकि, एक ही परिवार के कई सदस्यों की ओर से अलग-अलग नाम से व्यावसायिक उद्देश्य से नक्शा पास कराने के मामलों को नियम विरुद्ध मानते हुए अस्वीकृत कर दिया गया। साथ ही कहा कि पुराने भवनों के पुनर्निर्माण की अनुमति भी केवल पूर्व स्वीकृत क्षेत्रफल और आयामों तक ही सीमित रहेगी। यदि परिसर में अवैध निर्माण मौजूद है तो उसे पूरी तरह ध्वस्त करने के बाद ही नए निर्माण की अनुमति मिलेगी। इसके अलावा बोर्ड ने हल्द्वानी के प्रमुख चौराहों के चरणबद्ध सौंदर्यीकरण को मंजूरी दी। प्रथम चरण में कुसुमखेड़ा चौराहे का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जबकि आगामी चरणों में अन्य प्रमुख चौराहों को भी विकसित किया जाएगा।
बैठक में उपाध्यक्ष जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, सचिव मनीष कुमार, संयुक्त सचिव एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा, नगर नियोजक आरएल भारती, वित्त अधिकारी ऋचाशू शर्मा सहित बोर्ड के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
अवैध होमस्टे पर चलेगा अभियान
आयुक्त दीपक रावत ने पर्यटन विभाग और प्राधिकरण को संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाकर सभी अवैध होमस्टे सील करने और संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन का मानचित्र स्वीकृत करने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि भवन किसी प्रकार की वैधानिक कार्रवाई की श्रेणी में न हो। इसके साथ ही जिला पर्यटन विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जिन होमस्टे संचालकों को नोटिस जारी किए जाने के बावजूद उन्होंने कमियां दूर नहीं की हैं या जवाब नहीं दिया है, उनका पंजीकरण निरस्त किया जाए।
नैनीताल में बनेगी पॉकेट पार्किंग
शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक और पार्किंग संकट को देखते हुए आयुक्त ने नैनीताल के नगरीय क्षेत्र में उपलब्ध छोटी-छोटी सरकारी नजूल भूमि को चिह्नित कर पॉकेट पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इससे मोहल्लों में स्थानीय लोगों को पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।