हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल और सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल के ब्लड बैंक में खून की कमी है। एसटीएच में एक हजार यूनिट ब्लड रखने की क्षमता है जबकि बेस अस्पताल में पांच सौ यूनिट ब्लड रखने की क्षमता है।
विज्ञापन
एसटीएच और बेस अस्पताल में थैलीसीमिया वाले मरीजों को खून निशुल्क दिया जाता है। इस समय दोनों ब्लड बैंकों में खून की कमी चल रही है। हालांकि पिछले दिनों कुछ रक्तदान शिविर होने से राहत मिली है। एसटीएच और बेस अस्पताल के ब्लड बैंक में एबी निगेटिव खून नहीं है जबकि ओ निगेटिव और बी निगेटिव खून की कमी है। एबी पॉजिटिव खून भी बहुत अधिक नहीं है। एसटीएच की ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. सलोनी उपाध्याय और बेस अस्पताल की ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. उषा भट्ट ने बताया कि रक्तदान शिविर कम होने के कारण कमी है। पिछले दिनों कुछ लोगों ने रक्तदान किया तो हालात में कुछ सुधार हुआ है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि स्वस्थ लोग अधिक से अधिक रक्तदान करें।