हल्द्वानी के जज फार्म में बृहस्पतिवार सुबह विमला सती (43 वर्ष) का शव मकान के भूतल में पंखे से लटका मिला। मौके से मिले सुसाइड नोट के अनुसार विमला अवसाद में थी। उनके पति कौशल कुमार सती ने भी जून 2025 में टांडा जंगल में आत्महत्या की थी।
भिकियासैंण निवासी कौशल कुमार सती अपनी मां शीला सती, पत्नी विमला और बेटे दक्ष के साथ दस साल से हरिशंकर जोशी के मकान में किरायेदार थे। दो जून 2025 में प्रॉपर्टी डीलर कौशल कुमार सती ने आत्महत्या कर ली। इसके बाद से उनकी पत्नी विमला अवसाद में थीं। ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले मकान मालिक हरिशंकर जोशी जब बाहर जाते तो अपने फ्लोर की चाबी विमला को दे देते थे।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात विमला बेटे के साथ कमरे में सो गईं। सुबह जब दक्ष ने अपनी मां को नहीं देखा तो उन्हें तलाशने लगा। इस दौरान पड़ोसी भी आ गए। उन्हें भूतल के कमरे की खिड़की से विमला का शव दिखा जो पंखे से चुनरी के फंदे पर लटका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उतारा। कमरे से सुसाइड नोट भी मिला है। एसओ सुशील जोशी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण सामने आएगा।
एक महिला की मौत की जानकारी सामने आई है। प्रथम दृष्टया सुसाइड का मामला लग रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। - डॉ. मंजुनाथ टीसी, एसएसपी