गुरुवार दोपहर बाद कैंची और इसके आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश के चलते भवाली-अल्मोड़ा एनएच पर कई जगह पहाड़ी से मलबा आने से यातायात ठप हो गया। जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतें हुई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
गुरुवार दोपहर बाद दो बजे से साढ़े तीन बजे तक कैंची और इसके आसपास के क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई, जिसके कारण एनएच पर कई जगह मलबा आ गया और यातायात ठप हो गया। सूचना पर खैरना चौकी प्रभारी देवनाथ गोस्वामी और भवाली से उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने एनएच में खड़े आड़े-तिरछे वाहनों को किनारे कराया। इस दौरान एनएच की जेसीबी की मदद से मलबे को हटाया गया। लगभग डेढ़ घंटे बाद एनएच पर यातायात सुचारु हुआ।