हल्द्वानी। इस साल अच्छी बारिश और हिमपात के काफी आसार हैं। वर्ष देवी आपदा, प्राकृतिक रूप से जहां कष्टकारी रहेगा वहीं राजनीतिक उलटफेर के योग भी बन रहे हैं। तेल दलहन, सब्जी-अनाज, सोने और चांदी में उछाल रहेगा। कई गंभीर बीमारियों का भय भी बना रहेगा। बच्चों को वर्ष के उत्तरार्द्ध में गंभीर बीमारी शीत–ठंड, ज्वरादि गंभीर और संक्रामक का प्रकोप का बना रहेगा। कोरोना महामारी का प्रभाव शिशुओं और किशोरावस्था में अधिक देखने को मिलेगा।
ज्योतिष त्रिभुवन उप्रेती के अनुसार कन्या लग्न और सिंह राशि में चंद्रमा प्रवेश के साथ मघा नक्षत्र के सानिध्य में नव वर्ष की शुरुआत हो रही है। वर्ष वृष, कन्या और मकर राशि के जातकों के लिए थोड़ा परेशानी कारक हो सकता है। शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति के आसार हैं। व्यापारी वर्ग को वर्ष भर आय में उतार चढाव देखने को मिलेंगे। ज्योतिषाचार्य डॉ. मंजू जोशी ने बताया कि पंचागों के अनुसार मौसम के लिहाज से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश आदि पर्वतीय राज्यों में अधिक वर्षा के कारण भूस्खलन, भूकंप आदि समस्याएं उत्पन्न हो सकती है।
किसी को निवेश तो किसी को विद्या और नौकरी में मिलेगा फल
मेष राशि : संपत्ति खरीदने और बेचने के लिए वर्ष शुभ फल कारक रहेगा। आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। धर्म में रुचि बढ़ेगी और आर्थिक और राजनीतिक लाभ प्राप्त होगा।
वृषभ: आर्थिक पक्ष मजबूत होगा। पैतृक संपत्ति से धनागमन होगा। समाज में उच्च पद प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ संपर्क बढ़ेंगे। स्वास्थ्य का ध्यान रखें, वाद विवाद से बचें।
मिथुन: व्यापारी वर्ग के लिए वर्ष उत्तम रहेगा। प्रगति के द्वार खुलेंगे और आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। धार्मिक यात्राएं होंगी।
कर्क: शनि की ढैया का प्रभाव रहेगा। कुटुंब में अशांति का वातावरण रहेगा। भूमि, भवन, वाहन में निवेश करने से पूर्व सावधानी बरतें। वर्ष का पूर्वार्द्ध भाग शुभ रहेगा।
सिंह: भूमि-भवन-वाहन के क्षेत्र में निवेश लाभकारी होगा। अविवाहित जातकों का विवाह संपन्न होने के पूर्ण योग हैं। नौकरीपेशा और विद्यार्थी वर्ग के लिए शुभ फल कारक रहेगा।
कन्या: विद्यार्थी वर्ग के लिए अति शुभ है। नौकरी पेशा वर्ग के लिए भी समय अति शुभ है। पदोन्नति के साथ स्थानांतरण के योग बन रहे हैं।
तुला: भूमि, भवन, वाहन के क्षेत्र में किया गया पूंजी निवेश लाभदायक रहेगा। विद्यार्थी वर्ग के लिए वर्ष शुभ फल कारक रहेगा।
वृश्चिक: स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता रहेगी। नया कार्य शुरू करने के लिए वर्ष उत्तम है। नौकरीपेशा वर्ग के लिए भी शुभ है।
धनु: रुका हुआ धन प्राप्त होगा। आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। शेयर बाजार में निवेश लाभ देगा।
मकर: वर्ष उत्तम फल कारक रहेगा। शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव बना रहेगा। दीर्घकालीन न्यायालय संबंधी मामलों में विजय मिलेगी।
कुंभ: सभी कार्य सिद्ध होंगे। जीवनसाथी को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं रह सकती हैं। सहकर्मियों से व्यर्थ के विवाद में ना पड़े। छात्रों के लिए उत्तम वर्ष है।
मीन: वर्ष 2024 शुभ फल देने वाला है। शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव भी रहेगा। पहला चरण तनावपूर्ण रहेगा। व्यापार में लाभ, भूमि, भवन, वाहन के क्षेत्र में पूंजी निवेश लाभ देगा।