हल्द्वानी। साल के अंतिम दिन बिजली की आंखमिचौली ने लोगों को खूब परेशान किया। पहले डेढ़ घंटे की कटौती फिर फाल्ट आने से बिजली गुल हो गई। इससे नलकूप के संचालन पर भी असर पड़ा और घरों में पानी भी नहीं आया। करीब 50 हजार की आबादी परेशान रही।
सुबह आठ बजे डेढ़ घंटा पिटकुल बिजलीघर से रोस्टिंग हुई थी। 11 बजे आपूर्ति सुचारु होने के बाद पिटकुल बिजलीघर की 220 केवीए की लाइन में फाल्ट आ गया। इसके बाद दिन में कई बार मेंटीनेंस के लिए बिजली की कटौती हुई। इस कारण कटघरिया, कमलुआगांजा और टीपीनगर से जुड़े ग्रामीण इलाकों में आपूर्ति ठप रही। अधिशासी अभियंता ग्रामीण डीडी पांगती ने बताया कि लाइन को सुचारु करा लिया गया था लेकिन दिन भर मेंटीनेंस के कार्यों के चलते आपूर्ति प्रभावित हुई।
हिम्मतपुर में 250 परिवारों को मिलेगा गौला का पानी
हल्द्वानी। हिम्मतपुर में नलकूप के खराब होने से परेशान हो रही पांच हजार की आबादी को जल्द राहत मिलने वाली है। ऊंचापुल से त्रिमूर्ति तक गौला की लाइन की मरम्मत कर 700 मीटर नई पेयजल लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इससे इलाके के 250 परिवारों को गौला से भी पानी मिल पाएगा। जल संस्थान के ईई रवि शंकर लोशाली ने बताया कि क्षेत्र में नलकूप से आपूर्ति नहीं मिलने पर लोगों की ओर से आपूर्ति को बढ़ाने की मांग की जा रही है। एक टैंकर के माध्यम से पानी बांटा जा रहा है तो नई पेयजल लाइन बिछाकर लोगों के घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था कराई जा रही है। संवाद