हल्द्वानी। तराई पूर्वी वन प्रभाग ने हाल में हुई चोरी की घटनाओं से सबक लेते हुए सुरक्षा के इंतजाम चाक चौबंद किए हैं। प्रभाग की चहारदीवारी पर कंसरटीना वायर लगाए जा रहे हैं। ये वायर देश की सीमा, बेहद सुरक्षा वाले स्थानों पर लगाए जाते हैं।
तराई पूर्वी वन प्रभाग में पिछले दिनों लकड़ी तस्करों ने प्रभागीय वनाधिकारी के आवास से चंदन का पेड़ काट लिया था। खनन माफिया ने परिसर में खड़ी बुग्गियों, घोड़ों को चोरी करने का प्रयास किया था। इससे पूर्व एक प्रभागीय अधिकारी के घर में भी चोरों ने निशाना बनाया था।
इसके बाद प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी नीतिशमणि त्रिपाठी सख्त हो गए। उन्होंने प्रभाग परिसर में चहारदीवारी पर कंसरटीना वायर लगा रहे हैं। इस वायर की खूबी यह है कि आम सुरक्षा तारों से ज्यादा नुकीला होता है। वहीं अगर इस तार को काटने की कोशिश की जाती है तो उतने ही ज्यादा नुकीले कोने निकलने लगते हैं। इसी वजह से यह वायर देश की सीमा, सुरक्षा संगठनों, महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाया जाता है।