हल्द्वानी। शहरवासियों को पेयजलापूर्ति करने वाले शीशमहल फिल्टर प्लांट का नवीनीकरण किया जाएगा। इसी क्रम में क्लेरीफायर बदलने के साथ ही नई मोटर व पंप समेत अन्य उपकरण लगाए जाएंगे। इस कार्य के लिए 39 लाख रुपये स्वीकृत हो गए हैं। जल्द ही जल संस्थान काम शुरू करेगा।
शीशमहल स्थित फिल्टर प्लांट से रोजाना शहर की ढाई लाख आबादी को पेयजलापूर्ति की जाती है। ऊंचापुल, दमुवाढूंगा, नैनीताल रोड, बरेली रोड, मुखानी आदि क्षेत्रों के लोग इसी फिल्टर प्लांट का पानी पीते हैं। करीब एक दशक से इसका जीर्णोद्धार नहीं हुआ है। बरसात के सीजन या बारिश में जहां प्लांट को दूषित पानी मिलता है, वहीं जलापूर्ति की क्षमता भी कम हो जाती है।
जल संस्थान जल्द इस समस्या का समाधान करेगा। प्लांट एक, दो और तीन में पानी को शुद्ध करने वाले नए उपकरण लगाए जाएंगे। यहां तीन क्लेरीफायर, सेंट्रलफ्यूगल पंप भी लगाए जाएंगे। प्लांट परिसर में जीर्ण-शीर्ण बिजली के तार और अन्य सामग्री भी बदली जाएगी। संस्थान की ओर से इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता रविशंकर लोशाली का कहना है कि जल्द काम शुरू कर पेयजल की शुद्धता को और बेहतर बनाया जाएगा। संवाद