रामनगर (नैनीताल)। समग्र शिक्षा परियोजना के तहत नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास रामनगर खुलेगा। यह बालिका छात्रावास पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामनगर में खुलेगा। इस छात्रावास में अनाथ, बेसहारा गरीब 50 बालिका रहेंगी और उन्हें शिक्षा दी जाएगी।
बालिका शिक्षा के जिला समन्वयक रविंद्र तिवारी ने बताया कि इस आवासीय छात्रावास में इसी महीने प्रवेश कर बालिकाओं की विधिवत पढ़ाई शुरू हो जाएगी। अभी यह छात्रावास करनपुर हाईस्कूल में अस्थायी रूप से चलाया जाएगा। पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामनगर में छात्रावास का भवन तैयार किया जा रहा है। भवन निर्माण के बाद छात्रावास स्थायी रूप से वहीं चलेगा। इस नए छात्रावास के लिए शासन ने 3 करोड़ से अधिक का बजट भी जारी कर दिया है। इस छात्रावास में कक्षा 1 से 12 तक की गरीब, निर्धन बेसहारा छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। रचनात्मक शिक्षक मंडल के संयोजक नवेंदु मठपाल ने सरकार की इस पहल का स्वागत किया है। संवाद
इन बच्चियों को मिलेगा सहारा
जिला समन्वयक ने बताया आवासीय छात्रावास में अपवंचित वर्ग में घुमंतू, भीख मांगने वाले, कूड़ा बीनने वाले, बीपीएल कार्ड धारक, बेसहारा बच्चों को रखा जाएगा। इन बालिकाओं को शिक्षा के साथ मार्शल आर्ट, संगीत, खेलकूद की गतिविधियां भी कराई जाएगी। बच्चों के लिए पाठ्य पुस्तकों, यूनिफार्म, बिस्तर, फर्नीचर, खेल एवं शिक्षण सामग्री दी जाएगी। विकासखंड परियोजना अधिकारी की ओर से बच्चाें का पंजीकरण किया जाएगा।