मुख्यमंत्री द्वारा गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन करने के लिए तैयारी जोरों से चल रही है। बचे हुए करीब आधे ग्राउंड और पिच पर रेता, बजरी डालकर समतल किया जा रहा है, लेकिन पिच तैयार होने में काफी समय लगेगा। मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का उद्घाटन 18 दिसंबर को करेंगे। उद्घाटन के लिए रोड पर तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। मुख्य गेट भी करीब-करीब बनकर तैयार हो गया है। कुल मिलाकर स्टेडियम को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि तैयारी अधूरी है, लेकिन उद्घाटन जरूरी है।
अभी स्टेडियम के एक तरफ की दीवार तैयार नहीं हो पाई है। वहीं ग्राउंड और पिच तैयार करने के लिए लखनऊ की निर्माण एजेंसी जुटी हुई है। करीब आधे ग्राउंड और पिच पर घास उगाने के लिए मंगा ली गई है। घास जमाने में करीब 15 दिन और लगने की संभावना है। वर्तमान में ग्राउंड और पिच को समतल करने के लिए रेता-बजरी डाला जा रहा है। पानी के लिए नीचे पाइप लाइन बिछाई गई है। दर्शकदीर्घा में भी अब तक कुर्सियां नहीं लग सकी हैं। इधर स्टेडियम के उद्घाटन के लिए उद्घाटन स्थल पर टेंट लगाया जा चुका है और कुर्सियां भी पहुंच गई है। 15.2 एकड़ में फैले स्टेडियम परिसर में स्वीमिंग पूल, हॉकी, वॉलीबाल सहित अन्य खेलों के लिए निर्माण कार्य जारी है।
इसके अलावा इंडोर स्टेडियम बनने में अभी काफी समय लगेगा। इस बाबत खेल अधिकारी कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है, लेकिन कर्मचारियों का कहना है कि इस साल इंडोर स्टेडियम तैयार नहीं हो सकता। कर्मचारियों का कहना है कि वित्तमंत्री इंदिरा हृदयेश स्टेडियम की तैयारी पर खुद नजर रख रही हैं। बता दें कि गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम वित्त मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश के ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक है। राजनीतिक गलियारों में हलचल है कि 20 दिसंबर के बाद कभी भी चुनाव आचार संहिता लग सकती है। शायद इसी कारण प्रदेश सरकार इस आननफानन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन करना चाहती है। इधर, लोगों के बीच चर्चा है कि उद्घाटन के बहाने मुख्यमंत्री 18 दिसंबर को घोषणाओं का पिटारा खोल सकते हैं।
अभी 15 एकड़ लेने के लिए चल रहा काम
प्रदेश सरकार 15 एकड़ में खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल और कोर्ट बनाने के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज चुकी है। हाथी कॉरिडोर की इस जमीन को मिलने में अभी समय लगेगा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि वन विभाग से एनओसी बनाकर भेज दी गई है।
खेल अधिकारियों ने लिया जायजा
सहायक खेल निदेशक अख्तर अली के साथ अधीनस्थ अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को स्टेडियम पहुंचकर तैयारी का जायजा लिया। अधिकारियों ने मामले में निर्माण एजेंसी में लगे ठेकेदारों से बातचीत की। हालांकि खेल अधिकारी ने स्टेडियम के निर्माण की तैयारी के बारे में बात करने से इनकार कर दिया। अधिकारियों का कहना था कि कार्य प्रगति के बारे में उच्चाधिकारी ही वार्ता करेंगे।
उद्घाटन स्थल पर लहरा रहा बीजेपी का झंडा
मुख्यमंत्री जहां उद्घाटन करेंगे, उस स्थान पर किसी ने भाजपा का झंडा लगा दिया है। यहां पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्टेडियम का जायजा लिया, लेकिन किसी की नजर झंडे पर नहीं पड़ी है।