हल्द्वानी। छह माह के कोविड काल के बाद पहली बार ऑटो मोबाइल बाजार में चहल पहल शुरू हो गई है। ऑटो मोबाइल सेक्टर में गाड़ियों की बिक्री तो शुरू हो गई है लेकिन पहली नवरात्र को शनिवार होने की वजह से अधिकतर लोगों ने गाड़ियों की डिलीवरी नहीं ली, अलबत्ता लोगों ने वाहन खरीदने को लेकर जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी की।
पहले दिन करीब 10 गाड़ियों की डिलीवरी भी की गईं। अब दूसरे नवरात्र पर रविवार को करीब 150 वाहनों की डिलीवरी होने की संभावना है। दूसरे नवरात्र के लिए कई ग्राहकों ने गाड़ियों की पहले से बुकिंग कराई है।
नैनीताल मोटर्स के एमडी भूपेश अग्रवाल ने बताया कि उनके यहां नवरात्र के लिए 500 गाड़ियों की बुकिंग हैं। पहले दिन शनिवार होने से ग्राहक तो आए लेकिन कागजी प्रक्रिया के बाद अब रविवार को गाड़ियों की डिलीवरी लेने की बात कही है। उन्होंने बताया कि दूसरे नवरात्र पर 80 गाड़ियों की डिलीवरी होनी हैं।
बजरंग मोटर्स के जीएम मनीष शर्मा ने बताया कि पहले नवरात्र को सात गाड़ियों की डिलीवरी हुईं। दूसरे नवरात्र पर 15 गाड़ियों की डिलीवरी होनी हैं। पाल फोर्ड के जीएम नंदन सिंह रावत ने बताया कि पहले दिन दो गाड़ियों की डिलीवरी की गईं। दूसरे नवरात्र पर रविवार को 23 गाड़ियों की डिमांड हैं। गाड़ियां शो रूम में तैयार कर दी गई हैं।
प्लेनेट होंडा के जीएम बृजेश लोशाली का कहना है कि पहले दिन शनिवार होने की वजह से सिर्फ एक गाड़ी बिकी है। दूसरे नवरात्र पर 6 गाड़ियों की डिलीवरी होनी हैं।