हाईकोर्ट के निर्देश पर शनिवार को कोर्ट कमिश्नर सीडी बहुगुणा समेत पालिका, झील विकास प्राधिकरण और लोनिवि अधिकारियों की मौजूदगी में मालरोड में क्लासिक होटल से तल्लीताल रिक्शा स्टैंड तक नापजोख की गई।
प्रत्येक 20 फीट पर मार्ग की चौड़ाई नापते हुए उसके बाद 4 फीट के पाथ वे और 6 फीट दुकान के बाहर खुले स्थान पर बकायदा लाल निशान लगाकर चिन्हित किया गया। इस दौरान मल्लीताल अपना बाजार से लगे क्षेत्र की कुछ दुकानों के अंदर तक लाल निशान लगे तो कई दुकानों के अंदर निशान नहीं लगाए जा सके।
दुकान मालिकों का कहना है कि वह रजिस्ट्री बैनामे और पालिका असेसमेंट के आधार पर यहां दशकों से दुकान चला रहे हैं। वह न्यायालय में अपना पक्ष रखेंगे। अभियान में सिद्धार्थ जैन, पालिका के टीएस राजदेव जायसी, जेई ईश्वर रौतेला, ड्राफ्टमैन केवलानंद जोशी, ईश्वरी दत्त बहुगुणा, एलडीए के जेई बलबीर, लानिवि के एई एमपीएस कालाकोटी आदि मौजूद थे।