गौलापार (नैनीताल)। सांसद अजय भट्ट ने कहा है कि मत्स्य विभाग नंधौर वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी को मत्स्य सेंक्चुरी के रूप में विकसित करेगा। इस बारे में उन्होंने केंद्र सरकार के मत्स्य विभाग अधिकारियों से वार्ता की है। केंद्रीय मत्स्य विभाग की टीम जल्द नंधौर और वाइल्डलाइफ सेंक्चुरी का सर्वे करेगी।
सांसद भट्ट मंगलवार को क्षेत्र भ्रमण पर पहुंचे। नंधौर स्थित रिजॉर्ट में हुई बातचीत में उन्होंने कहा कि नंधौर वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी पर्यटन की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के मत्स्य विभाग के अधिकारियों के साथ बातचीत में इसे मत्स्य सेंक्चुरी के रूप में विकसित करने का पहल हुई है। सर्वे के बाद इसे मत्स्य सेंक्चुरी के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी को भविष्य में जिम कॉर्बेट पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। मोरनौला-मझौला मोटर मार्ग पर उन्होंने कहा कि वन विभाग को बजट जारी कर क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द खोला जाएगा। उन्होंने वन विभाग के प्रभागीय अधिकारी कुंदन कुमार से स्टीमेट देने को कहा। इस मौके पर मुकेश बेलवाल, ललित मटियाली, पान सिंह मेवाड़ी, नवीन जोशी आदि मौजूद थे।