शांत वादियों वाला शहर करीब 18 घंटे सांप्रदायिक तनाव की गिरफ्त में रहा। बुधवार रात साढ़े आठ बजे सड़कों पर उतरे लोग रात होने पर कुछ घंटों के लिए जरूर अपने घरों पर लौट गए, मगर उनके अंदर पनपा आक्रोश सुबह होते ही फिर दिखने लगा। भाजपा कार्यकर्ता, हिंदूवादी संगठनों, व्यापार मंडल और अधिवक्ता सड़क पर उतर आए।
बृहस्पतिवार दोपहर तक शहर में धरना-प्रदर्शन और जुलूस का दौर चलता रहा। जुलूस में शामिल लोग आरोपी को फांसी की सजा दिलाने और उसके घर पर बुल्डोजर चलाने की मांग कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। आरोपी उस्मान के जेल जाने और प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद दोपहर ढाई बजे शांति हुई।
शहर के रुकुट कंपाउंड में 12 साल की बालिका से दुष्कर्म की वारदात बुधवार शाम 7:30 बजे सामने आने के बाद सांप्रदायिक तनाव की शुरुआत हुई। बालिका से दुष्कर्म के आरोपी उस्मान के बुजुर्ग और दूसरे समुदाय के होने के कारण लोगों में ज्यादा गुस्सा पनपा। मल्लीताल कोतवाली में हिंदूवादी संगठन, भाजपा कार्यकर्ता और शहर के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। रात 8:30 बजे कोतवाली के पास गाड़ी पड़ाव मार्केट में उग्र भीड़ ने तोड़फोड़ शुरू कर दी और दूसरे समुदाय के दुकानदारों को पीटा।
रात 10:30 बजे शहर में जुलूस निकालकर दुकानों में दोबारा तोड़फोड़ की। पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा। इस बीच नाराज भीड़ कोतवाली के सामने धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी करती रही। आरोपी को कोतवाली से बाहर निकालने के लिए उग्र भीड़ मांग करती रही। इस कारण कई बार पुलिस से आरोपियों की धक्कामुक्की भी हुई।
इस बीच धार्मिक स्थल के सामने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए गए और ईंट पत्थर भी चले। पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ा। पुलिस की सख्ती के कारण रात 12:30 बजे के बाद भीड़ कम होने लगी और लोग घरों की लौटने लगे। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
बृहस्पतिवार सुबह फिर फूटा गुस्सा
कोतवाली के सामने कई बार पुलिस से नोकझोंक
कोतवाली के सामने बृहस्पतिवार को कई बार प्रदर्शन करने वाले लोगों की कई बार नोकझोंक हुई। एसपी अपराध डॉ. जगदीश चंद्रा, सीओ प्रमोद साह प्रदर्शन करने वालों को समझाते रहे।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने दी कार्रवाई की जानकारी
नैनीताल शहर में भाईचारे का माहौल है। दुष्कर्म की घटना ने लोगों के गुस्से को भड़का दिया है। शहर का सौहार्द बनाए रखने और शहर के बेहतर भविष्य के लिए सत्यापन जरूरी है। इसे और सख्ती से किया जाएगा। -सरिता आर्या विधायक नैनीताल।