हल्द्वानी। अमेरिका में डार्क वेब का इस्तेमाल कर नशे का कारोबार फैलाने वाला बनमीत हल्द्वानी के तिकोनिया क्षेत्र में रहता है। नैनीताल पुलिस दो दिन में केवल उसका पता ही ढूंढ पाई। अभी तक उसके स्थानीय नेटवर्क का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस और खुफिया तंत्र तलाश में जुटा है।
वर्ष 2019 में विदेशी पुलिस ने लंदन से भारतीय मूल के बनमीत सिंह को डार्क वेब का इस्तेमाल कर प्रतिबंधित दवा बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया था। तब से मामले की जांच चल रही थी। हल्द्वानी के बनमीत को विदेशी पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है। उसने कोर्ट में गुनाह भी कबूल कर लिया है। उसके खिलाफ यूएस और यूके में मुकदमे चल रहे हैं।
मंगलवार को मामला सामने आने के बाद से ही दून से लेकर हल्द्वानी तक अधिकारियों में हलचल मची है। खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई थीं। उसकी कुंडली खंगाली गई। पुलिस के मुताबिक नैनीताल रोड स्थित तिकोनिया चौराहे के पास उसका घर है। यहां उसका केवल परिवार रहता है। पुलिस ने परिवार का पता लगाकर कई अन्य जानकारियां भी जुटाई हैं।
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि बनमीत के खिलाफ यूके और यूएस में कार्रवाई हुई है। उसका व्यापार विदेशों में होने की बात सामने आई है। अभी तक की जांच में हल्द्वानी में उसका कोई नेटवर्क होने की जानकारी सामने नहीं आई है।