रानीखेत तहसील के ग्राम नानीसार में ग्रामीणों की सहमति के बगैर किए जा रहे भूमि अधिग्रहण से गुस्साए विभिन्न संगठनों ने मंगलवार को नानीसार बचाओ संघर्ष समिति और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के बैनर तले रैली निकाली।
प्रदर्शनकारियों ने जिंदल ग्रुप को दी जा रही 352 नाली भूमि के अधिग्रहण को रद कराने, जिंदल ग्रुप की ओर से किए गए अतिक्रमण को हटाकर ग्रामसमाज की भूमि वापस ग्रामीणों को देने की मांग की। साथ ही 32 नामजद समेत 350 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में दर्ज मुकदमे वापस लेने और मामले की न्यायिक जांच करने की पुरजोर आवाज उठाई।
मल्लीताल स्थित रामलीला मैदान में हुई सभा को संबोधित करते हुए उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी, इतिहासकार प्रो. शेखर पाठक, रंगकर्मी जहूर आलम आदि ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा नानीसार गांव में ग्राम समाज की 351 नाली (7.061 हेक्टेयर) भूमि ग्रामीणों की सहमति के विरुद्ध जिंदल ग्रुप की हिमांशु एजूकेशन सोसायटी को अंतरराष्ट्रीय आवासीय विद्यालय के लिए पट्टे पर देने की कार्रवाई की जा रही है।
यह वही भूमि है जिसका उपयोग ग्रामीण अभी तक चारागाह, जलौनी लकड़ी और पशुपालन के लिए करते थे। प्रदर्शनकारियों ने मल्लीताल रामलीला मैदान से तल्लीताल गांधी प्रतिमा तक जुलूस निकाला। उन्होंने सभा की और आयुक्त के नाम संबोधित ज्ञापन गांधी प्रतिमा के पास ही चस्पा कर दिया।
इस दौरान महेश जोशी, उमा भट्ट, राजीव लोचन साह, तरुण जोशी, जहूर आलम, चंपा उपाध्याय, हेमा परिहार, दीपा बिष्ट, चंचला बिष्ट, दीवान सिंह थापा, रेखा धस्माना, अनूप तिवारी, अजय तिवारी, हेम चंद्र शर्मा, दीवान सिंह, बहादुर सिंह, आनंदी वर्मा आदि थे। संचालन प्रभात ध्यानी ने किया।