राज्य स्तरीय ओपन महिला फुटबाल मैच के पहले दिन देहरादून और नैनीताल की टीमों ने अपने प्रतिद्वंद्वी को हराकर मैच जीत लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन हॉकी इंडिया के संयुक्त सचिव किशोर बाफिला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
सहायक खेल निदेशक अख्तर अली के अनुसार उद्घाटन मैच नैनीताल और ऊधमसिंह नगर की टीमों के बीच हुआ। नैनीताल की मेघा कश्यप ने 8वें,10वें,17वें, 55वें मिनट में चार गोल किए। इसी टीम की पिंकी पपनोई ने 39वें और 50वें मिनट गोल कर नैनीताल की टीम को 6-0 से जीत दिलाई।
दूसरा मैच देहरादून और उत्तरकाशी के बीच खेला गया। इसमें देहरादून की भगवती ने 51वें, 65वें मिनट में दो गोल, अनीता ने 54वें मिनट में एक गोल कर अपनी टीम को 3-0 से जीत दिलायी। सुनील कुमार, सलीम, हीरा सिंह और कविता नेगी निर्णायक रहे।
इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी विजयारानी पंत, नवीन चंद्र पंत, नीता पोखरिया, माधुरी रमोला, मीडिया प्रभारी यूएसएफए मोइन खान आदि थे। मेडिकल टीम के फिजियोथेरेपिस्ट शिल्पा पाठक और मंजूलता मैदान में मौजूद थी। ब्यूरो