फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नैनीताल के एडीएम (प्रशासन) जेएस राठौर का असामयिक निधन

Tue, 28 Feb 2017 01:46 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो भीमताल (नैनीताल)।
विज्ञापन
zdc
विज्ञापन
जिले के एडीएम (प्रशासन) एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी जसवंत सिंह राठौर (47) का बीती रात ओक पार्क स्थित ऑफीसर्स कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना सोमवार सुबह तब हुई, जब उनका कर्मचारी उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारी के निधन की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय स्थित कार्यालयों में शोक की लहर छा गई। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव को रुद्रपुर ले जाया गया। उनकी अंत्येष्टि हरिद्वार में होगी।
विज्ञापन


एडीएम (प्रशासन) जसवंत सिंह राठौर ने बीती रात करीब 9:30 बजे खाना खाया और कुछ देर टीवी देखने के बाद वह सो गए। उनके यहां कार्यरत कर्मचारी महेंद्र सिंह कनवाल रोजाना की तरह सोमवार सुबह करीब सात बजे एडीएम राठौर को जगाने पहुंचा। काफी देर तक जब राठौर नहीं जगे तो कनवाल ने इसकी जानकारी फोन पर एडीएम के अर्दली आनंद समेत आसपास के लोगों को दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस के अलावा बीडी पांडे अस्पताल के डॉक्टर भी उनके आवास पहुंचे।

जांच के बाद डॉक्टरों ने राठौर को मृत घोषित कर दिया। एडीएम राठौर के निधन की पर डीएम दीपक रावत हल्द्वानी से नैनीताल पहुंचे। इसके बाद सूचना राठौर के परिजनों को दी गई। पंचनामे और पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में परिजन राठौर के शव को रुद्रपुर स्थित आवास ले गए। परिजनों के मुताबिक उनकी अंत्येष्टि मंगलवार को हरिद्वार में होगी। राठौर की अंत्येष्टि में मंडलायुक्त डी सैंथियल पांडियन भी मौजूद रहेंगे।
विज्ञापन


वर्ष 2006 के पीसीएस अधिकारी थे राठौर

मूल रूप से हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र निवासी राठौर वर्ष 2006 के पीसीएस अधिकारी थे। उन्होंने तीन माह पहले ही यहां एडीएम (प्रशासन) के पद पर कार्यभार ग्रहण किया था। इससे पहले वह टनकपुर में एसडीएम रहे और वहीं से पदोन्नति पर नैनीताल आए। वह अपने पीछे पत्नी ज्ञानवती, पुत्री आयुषी व दो पुत्रों को छोड़ गए हैं।

प्रैक्टिकल देने गई बेटी को वापस बुलाया

एडीएम (प्रशासन) जसवंत सिंह राठौर की बेटी आयुषी यहां डीएसबी परिसर में बीएससी प्रथम वर्ष में अध्ययनरत है और वह यहां पीजी हास्टल में रहती है। सोमवार को आयुषी प्रयोगात्मक परीक्षा देने कॉलेज गई थी। प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान ही आयुषी को इस दुखद घटना की जानकारी दी गई। पिता की मौत की खबर मिलने पर आयुषी प्रयोगात्मक परीक्षा छोड़कर तत्काल अपने घर पहुंची।  

ब्यूरोक्रेसी का दुखद दौर

उत्तराखंड की ब्यूरोक्रेसी में पिछले कुछ समय के दौरान ऐसा दौर आया है, जब अधिकारियों का असामयिक निधन हो गया। संयोग यह है कि इन तीनों अधिकारियों का संबंध नैनीताल से रहा है। इनमें नैनीताल के डीएम रहे हरिताश गुलशन की तीन साल पहले मुरादाबाद के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी। जबकि, पिछले साल ही नैनीताल में डीएम रह चुके अक्षत गुप्ता की हार्ट अटैक से मौत हुई थी। अब रविवार की रात एडीएम प्रशासन जसवंत सिंह राठौर की भी असामयिक मौत हो गई।

राठौर के निधन पर जताया दुख

मंडलायुक्त डी सैंथियल पांडियन और डीएम दीपक रावत ने राठौर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूर्णीय क्षति बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। इसके अलावा विभिन्न विभागों में भी शोक सभा आयोजित कर अधिकारियों और कर्मचारियों राठौर के निधन पर शोक जताया। उधर, कलक्ट्रेट, जिला सूचना कार्यालय एवं सभी कार्यालयों में शोकसभा कर दो मिनट का मौन रखा गया। इसके अलावा भीमताल स्थित विकास भवन में भी शोक सभा का आयोजन किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें