हल्द्वानी एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित कुमाऊं द्वार महोत्सव 2025 में प्रस्तुति देती श्वेता
हल्द्वानी। एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में चल रहे पांच दिवसीय कुमाऊं द्वार महोत्सव के चौथे दिन मशकबीन स्टूडियो के सौजन्य से संपन्न हुई स्टार नाइट में कुमाऊं और गढ़वाल के लोकगायकों ने अपने सुर से दर्शकों को झुमाया। लोकगायक इंदर आर्या ने सांवरी सांवरी तेर खुटैक झांवरी.., गुलाबी सरारा... आदि गीत गाकर समा बांध दिया। श्वेता महरा ने कुमाऊंनी गीतों पर नृत्य कर दर्शकों की वाहवाही लूटी।
ममता आर्या ने मैं पहाड़न और दीक्षा ढौंडियाल ने मेरी लसकी कमर..., ओ म्यार सैंया जी सर गौं का छन हीरो... गाकर धमाल मचाया। कमला देवी ने राजुला मालूशाही जागर गीत गाकर दर्शकों को भावविभोर किया। साक्षी काला ने तुमरि नौं की हवा सुनाकर तालियां बंटोरी।
इस दौरान सुजाता नृत्यालय के कलाकारों ने भी सामूहिक रूप में नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। आयोजक गोविंद दिगारी और गायिका खुशी जोशी ने कहा कि इस साल छोलिया प्रतियोगिता कराई गई।
महोत्सव में उत्तराखंडी परिधान एवं आभूषण प्रतियोगिता में रेनू कांडपाल ने पहला, प्रेमा बिष्ट ने दूसरा और रेखा जोशी ने तीसरा स्थान पाया। निर्णायक कविता देवी और हेमंत बिष्ट रहे।