नैनीताल। मल्लीताल क्षेत्र में पालिका की दो दुकानों में पालिका किरायेदारों ने बिना अनुमति मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया। शिकायत पर पहुंची पालिका टीम ने किरायेदारों को नोटिस देकर निर्माण कार्य को रोक दिया है। साथ ही ध्वस्तीकरण के लिए जिला विकास प्राधिकरण से पत्राचार किया जा रहा है।
नगर पालिका की ओर से आवंटित की गई दुकानों में किरायेदारों को मरम्मत अथवा कोई अन्य कार्य करवाने के लिए नगर पालिका से अनुमति लेनी होती है। लेकिन मल्लीताल बाजार क्षेत्र में दो दुकानदारों ने नियमों को ताक पर रख बिना पालिका को सूचना दिए दुकानों की मरम्मत शुरू कर दी। ईओ पूजा चंद्रा ने बताया कि किरायेदार देवेंद्र जोशी व अशोक कुमार साह को निर्माण कार्य रोकने का नोटिस जारी कर काम रुकवा दिया गया है। साथ ही निर्माण कार्य को ध्वस्त कराने के लिए जिला विकास प्राधिकरण से भी पत्राचार किया जा चुका है। बताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर दोनों दुकानों की किरायेदारी निरस्त करने को लेकर प्रशासन से संस्तुति मांगी गई है।