हल्द्वानी। अगर प्रत्येक व्यक्ति के मोबाइल फोन में ‘आरोग्य सेतु’ एप डाउनलोड हो जाएगा तो कोरोना संक्रमण को आसानी से मात दी जा सकेगी। इस एप को डाउनलोड करके आप कैसे सुरक्षित रह सकते हैं, इसका संदेश घर-घर तक पहुंचाने का काम स्कूलों के बच्चे करेंगे। इसके लिए पब्लिक स्कूलों से बच्चों के अभिभावकों को इस संबंध में एसएमएस भेजे जाएंगे।
हल्द्वानी में सीबीएसई से मान्यता प्राप्त करीब 60 पब्लिक स्कूलों में 65 हजार से अधिक बच्चे पढ़ते हैं। कोरोना के चलते सभी स्कूल-कॉलेज बंद हैं। इधर, कोरोना से बचाव को भारत सरकार ने आरोग्य सेतु एप लांच किया है। इसके बाद पब्लिक स्कूल एसोसिएशन ने सभी निजी स्कूलों को एडवाइजरी जारी कर निर्देशित किया है कि स्कूल बच्चों को ई-केयर के माध्यम से मैसेज भेजें और इस एप को डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करें। एसएमएस में यह भी कहा जाए कि जब स्कूल खुलेगा तो सभी बच्चों से इसके बारे में पूछा भी जाएगा। कई स्कूलों मैसेज भेजने का काम शुरू कर दिया है।
स्कूली बच्चों के माध्यम से उनके मम्मी पापा को सतर्क करने का काम पब्लिक स्कूल एसोसिएशन ने शुरू किया है। प्रत्येक पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य और प्रबंधन को एप को लेकर गाइडलाइन भेजी गई है कि वे अपने अपने बच्चों को ई -केयर के माध्यम से एसएमएस भेजें।
- कैलाश भगत, अध्यक्ष पब्लिक स्कूल एसोसिएशन
इस एप को हर देशवासी को मोबाइल में डाउनलोड कर दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। यह एप आपकी स्वास्थ्य के लिए अति आवश्यक है। इसके द्वारा कोविड- 19 को हराने में हम कामयाब हो सकते हैं। हमें कोरोना को हराने के लिए जागरूक होना पड़ेगा।
- डॉ. विनय खुल्लर, आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ
आरोग्य सेतु एप क्या है
- 1. आरोग्य सेतु एप उपयोगकर्ता के स्थान के आधार पर कोविड-19 के जोखिम का निर्धारण करने की कोशिश करता है।
- 2. यह उपयोगकर्ता को बताता है कि कहीं उसने छह फीट की निकटता में कोविड-19 के पॉजिटिव केस के रास्ते को पार किया है या नहीं।
-3. एप्लिकेशन उपयोगकर्ता को कोविड-19 के लिए कई उपायों के बारे में भी बताता है जैसे कि सेल्फ असेस्मेंट टेस्ट, सोशल डिस्टेंसिंग आदि।